रामानुजगंज। विधायक बृहस्पत सिंह के प्रयासों से रामचंद्रपुर एवं बलरामपुर विकासखंड के 50 ग्रामीण क्षेत्रों के चौक-चौराहे दीपावली के पूर्व रोशनी से जगमगा उठे हैं। रामानुजगंज एवं बलरामपुर विकासखंड में 50 गांव के चौक-चौराहों में सौर ऊर्जा, हाई माक्स लाइट का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे अंधेरे में डूबे रहने वाले 50 गांव का चौराहा अब हाई माक्स लाइट से जगमगा उठा है। गांव में लाइट लगने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है।


गौरतलब है कि बलरामपुर एवं रामानुजगंज विकासखंड के बड़े ग्राम पंचायतों एवं अधिक भीड़-भाड़ वाले चौक-चौराहों में सौर ऊर्जा हाई मास्क लाइट की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विधायक बृहस्पत सिंह की पहल पर 50 चौक-चौराहों में क्रेडा विभाग के द्वारा हाई मास्क लाइट का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। दीपावली से पहले ही सभी चौक-चौराहे लाइट से जगमगा उठे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के चौक-चौराहों में लाइट नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था, वहीं अंधेरे में कई प्रकार की असामाजिक कार्य भी होते थे। लाइट लगने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।


900 वॉट से जगमगाया चौराहा
क्रेडा विभाग के सहायक अभियंता सुमन किंडो ने बताया कि नौ मीटर की ऊंचाई में छह लाइट लगाए गए हैं जो 900 वॉट के हैं, जिसकी रोशनी पर्याप्त है। प्रत्येक सौर ऊर्जा हाई माक्स लाइट की कीमत 5 लाख 36 हजार रुपये है।


हाई मॉक्स लाइट से जगमगाएंगे ये गांव
बलरामपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत जरहाडीह, भैंसामुंडा, जाबर, पचावल, पस्ता, पाढ़ी, झलरिया, महेशपुर, भनौरा, पस्ता, पिंडरा, तातापानी, दामोदरपुर, रामचंद्रपुर विकासखंड के देवगई बुलगांव, आरागाही, तामेश्वरनगर, कमलपुर, पुरानडीह, लुरगी, कनकपुर, महावीरगंज, गम्हरिया, मेघुली, केवली, नावाडीह, चाकी, बगरा, बनापती, नावाडीह, छतरपुर, पलगी, चिनिया सहित अन्य गांव में सौर ऊर्जा हाई मॉक्स लाइट कार्य पूर्ण हो गया है।


50 गांव में लग चुके हैं लाइट
विधायक बृहस्पत सिंह ने कहा लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में जब मैं जाता था तो सबसे पहले चौक-चौराहे में लाइट लगवाने की मांग रखी जाती थी। मेरा प्रयास था रामानुजगंज विधानसभा के हर एक गांव में हाईमॉक्स लाइट प्रमुख चौक-चौराहों पर लग सके। इसी कड़ी में विधानसभा के 50 गांव में लाइट लग चुके हैं। आने वाले समय में शत-प्रतिशत गांव में हाईमॉक्स लाइट लगाने का कार्य किया जाएगा, वहीं विधानसभा के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बालक-बालिका छात्रावास, आश्रम के प्रांगण में भी हाईमॉक्स लाइट लगाए जाएंगे।

Categorized in: