0फुले जिला व पुलिस प्रशासन के हाथपांव , एसपी व आई जी से लगा चुकी हैं गुहार

सूरजपुर। बेटे को इंसाफ दिलाने के लिए जब एक माँ और विधवा पत्नी सड़क पर उतर गई तो जिला व पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूलने लगे और अब महिला को मनाने की कोशिश की जा रही है ।लेकिन जब वह फ़रियाद के लिए दफ्तरों के चक्कर काटती रही तब किसी की संवेदना नही जाग रही थी और उसकी आवाज को अनसुनी कर दिया जा रहा था। नगर के साहू गली की छत्रमनी साहू आज कोतवाली के सामने अपने छोटे बेटे को लेकर धरने पर बैठ गई है। उनके साथ उनकी बहू यानी मृतक की पत्नी और उसकी माँ भी धरने में शामिल हो गईं है। छत्रमनी पिछले एक महीने से यह मांग कर रही है कि यहां नगरपालिका में संविदा कार्य करने वाले उसके जवान बेटे 25 वर्षीय हेमन्त साहू की हत्या की गई है ओर कोतवाली पुलिस हत्यारों को पकड़ नही रही है। इसके लिए मृतक की पत्नी व उसकी माँ एसपी, आईजी तक गुहार लगाने के बाद प्रशासन को यह सूचित किया था कि वह इंसाफ न मिलने पर कोतवाली के सामने धरने पर बैठेंगी। लेकिन तब न तो पुलिस ने और न ही प्रशासन ने संज्ञान लिया और आज जब चिलचिलाती धूप में छत्रमनी अपने छोटे बेटे के साथ कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गई तब प्रशासन के हाथ पांव फूलने लगे । आनन फानन में महिला को मनाने के प्रयास में प्रशासनिक अमला जुट गया पर महिला फिलहाल जिद पर अड़ी हुई है और वह ठोस कार्रवाई का भरोसा चाहती है।


पहुँची केंद्रीय मंत्री रेणुका
इधर महिला के धरने पर बैठने की खबर मिलते ही केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह धरना स्थल पहुँच गई और महिला की बात सुनकर उन्होंने कहा कि न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने महिला को बताया कि वे इस मामले में एसपी से बात की है उन्होंने जांच कराने की बात कही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर पुलिस जांच नही कर पाती है तो वे सीबीआई जांच की मांग करेंगी । वे पीड़ित महिला के साथ खड़ी है उन्हें न्याय मिलना चाहिए जो उनका हक है। उन्होंने मौत जैसे मामले में पुलिस के रवैए पर नाराजगी जताते हुए प्रदेश सरकार को भी कटघरे खड़े करते हुए सरकार से इंसाफ की मांग की ।


यह है मामला
31 जुलाई को हेमन्त साहू का शव रेल्वे ट्रेक पर मिला था। उसके साथ उसके चार दोस्त रात में ग्राम गोपीपुर गए थे जहाँ पार्टी का दौर चला और सुबह पार्टी स्थल से करीब 1 किमी दूर हेमन्त का शव मिला। परिजन पहले दिन से हत्या बताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे है। पुलिस का कोई अधिकृत बयान तो नही है पर वह आत्महत्या का मामला मान फाइल क्लोज कर चुकी है। शायद यही वजह है पुलिस खामोश है।

Categorized in: