रामानुजगंज। नगर के व्यस्त रेस्ट हाउस मार्ग में रवि इलेक्ट्रॉनिक के सामने खड़ी ग्रामीण की बाइक की डिक्की से दिन-दहाड़े 50 हजार रुपये अज्ञात के द्वारा चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना की खबर फैलते ही बाजार में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना तत्काल रामानुजगंज थाने में दी गई, जिस पर थाना प्रभारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच जांच में जुटी।


जानकारी के अनुसार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा रामानुजगंज से 50 हजार रुपये निकालकर ग्राम भंवरमाल निवासी उत्तिम गुप्ता रेस्ट हाउस रोड में स्थित रवि इलेक्ट्रॉनिक के सामने दोपहर 12.20 बजे बाइक खड़ी करके दुकान में सामान खरीदने गया था, इसी बीच तीन मिनट में अज्ञात चोर ने डिक्की में रखा बैग पार कर दिया। बैग में 50 हजार रुपये, पास-बुक, एटीएम सहित अन्य सामान था। दुकान से उत्तिम वापस आया तो पैसे से भरा बैग गायब था। इसकी सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संतलाल आयाम अपने स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे, इनके द्वारा उठाईगिरी में लगे अज्ञात की तलाश की जा रही है। पुलिस को सीसीटीवी में कैद चोर की तस्वीर हाथ लग गई है, जो गमछा एवं टोप लगाया है। आरोपित उत्तिम गुप्ता के बाइक खड़ा करने के बाद आराम से पैदल आकर पैसों से भरा बैग डिग्गी से निकाल कर चल दिया, उसकी हरकत पर किसी की नजर नहीं पड़ पाई।


चोरी का सुराग लगा पाने में पुलिस विफल  
नगर में सिलसिलेवार चोरी की घटनाएं हो रही हंै। नगर के रिहायशी इलाकों में ही ज्यादा चोरी की घटनाएं हुई हैं, परंतु किसी भी मामले में चोरों का सुराग लगाने में पुलिस असफल है।

Categorized in: