अंबिकापुर। शहर की खराब सड़क व उड़ती धूल से लोग बेहाल हैं, इधर प्रस्ताव भेज कर शासन से बजट स्वीकृति की आस के सहारे निगम प्रशासन जल्द समस्या से निजात दिलाने का भरोसा दिलाने में लगा है। कुछ दिन पूर्व नगर निगम अंबिकापुर के सामान्य सभा की बैठक में विपक्ष सहित सत्ता पक्ष के कुछ पार्षदों ने भी शहर की जर्जर सड़क, उड़ती धूल से लोगों को होती परेशानी को लेकर जमकर हंगामा किया था। सदन में सत्ता पक्ष ने अपना बचाव करते हुए कहा था कि शासन को सड़क निर्माण के लिए 30 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। प्रस्ताव आते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। सदन में हुई किरकिरी को देखते हुए निगम प्रशासन द्वारा यह भी जानकारी दी गई है कि बजट की प्रत्याशा में सड़कों के डामरीकरण हेतु तीन करोड़ की निविदा कर ली गई है। वहीं विपक्ष का कहना है कि सत्ता पक्ष द्वारा सड़क निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था तो इतनी जल्दी प्रस्ताव कैसे पारित कर दिया गया। विपक्ष ने सत्ता पक्ष पर सड़क निर्माण में लापरवाही व झूठे वादे की बात कही है, जबकि शहर की जनता जर्जर सड़क, उड़ती धूल से पिछले डेढ़ वर्षो से परेशान है।

उड़ती धूल से लोग हो रहे बीमार-
नगर निगम के सत्ता पक्ष के पार्षद सतीश बारी ने सामान्य सभा में जर्जर सड़क को लेकर सवाल उठाया था। पार्षद ने कहा था कि वार्डवासी उड़ती धूल व जर्जर सड़क से काफी परेशान हैं। सड़क पर उड़ती धूल से लोग बीमार हो रहे हैं। आखिर सड़क का निर्माण कब कराया जाएगा। वहीं विपक्ष के पार्षदों ने भी शहर के जर्जर सड़क को लेकर सत्ता पक्ष पर जोरदार हमला किया था।

कई बार भेजा गया प्रस्ताव-
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के लगभग सभी सड़कें खराब हंै। पिछलेदो वर्षों से खराब सड़क को देखकर जनता परेशान है। वहीं नगर निगम द्वारा कई बार जनता की परेशानी को देखते हुए सड़कों पर थूक पालिश करने का भी काम किया था। इसके बावजूद जर्जर सड़क की समस्या दूर नहीं हुई थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर निगम प्रशासन कई बार शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज चुका है, लेकिन फंड की कमी भी एक समस्या बनी हुई है।
145 सड़कों के डामरीकरण की है योजना-शफी अहमद

राज्य श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष व नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के प्रभारी शफी अहमद ने बताया कि सड़कों के डामरीकरण के लिए शासन को पूर्व में 24 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया था। पुन: उसे पुनरीक्षित कर लगभग 30 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। नए प्रस्ताव में नगर निगम की सभी प्रमुख सड़कों सहित कुल 145 सड़कों और गलियों का नए सिरे से डामरीकरण करने की योजना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव की इस संबंध में नगरीय प्रशासन मंत्री डा.शिव डहरिया से भी चर्चा हुई है। मैंने स्वयं कई बार विभागीय मंत्री डा.डहरिया से मिलकर बात रखी है। उन्होंने राशि उपलब्ध कराने की सहमति दी है। वित्त सचिव को भी अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में आवश्यक कार्यों के लिए जरूरी राशि के संबंध में अवगत कराया गया है। उन्होंने भी बजट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। उम्मीद है कि डामरीकरण के लिए राशि स्वीकृत कर आबंटन जारी कर दिया जाएगा।

Categorized in: