अंबिकापुर। शहर के रिंगरोड चोपड़ापारा में स्थित श्री कृपा फ्युल्स में पहुंचे बाइक सवार एक युवक ने पेट्रोल पम्प में काम करने वाली युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी। युवक आदतन बदमाश बताया जा रहा है। आरोपी से बचने के लिए युवती पेट्रोल पम्प परिसर में दौड़ लगाई, लेकिन आरोपी ने युवक उस पर चाकू से कई वार किया, जिससे उसकी जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक अपने पास राॅड और एयरगन भी रखा था, जिस कारण लोग दहशत में आ गए थे। इस दौरान बीच-बचाव कर रहा पेट्रोल पम्प का एक कर्मचारी सहित कुछ अन्य के भी गंभीर रूप से जख्मी होने की खबर है।
जानकारी के अनुसार मूलतः बलरामपुर जिले के शाहपुर चांदो की रहने वाली विद्यावती टोप्पो पिता हीरालाल टोप्पो 28 वर्ष, पिछले कुछ दिनों से मिशन चौक के पास रिंग रोड में स्थित श्री कृपा फ्युल्स नामक पेट्रोल पंप में काम कर रही थी। बलरामपुर जिले के ही कुसमी का ही रहने वाला युवक जोगेन्द्र पैंकरा पिता पिछले दो-तीन दिनों से लगातार युवती से मिलने के लिए पेट्रोल पंप पर आ रहा था। गुरूवार को दोपहर करीब 11.40 बजे वह पेट्रोल पंप पर पहुंचा और मोबाइल में बात करते कुछ देर तक लेनदेन में लगी युवती के पास मौजूद लोगों के जाने का इंतजार कर रहा था। इसके बाद युवक की ओर युवती बढ़ी और पिट्ठू बैग लटकाकर बिना नम्बर की मोटरसायकल में पहुंचा बाइक सवार अचानक लम्बे धारदार चाकू से उस पर हमला किया, जिससे बचाव के लिए युवती शोर मचाते हुए पेट्रोल पम्प परिसर में अंदर की ओर दौड़ लगाई, लेकिन युवक पीछा करते उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पहले तो पेट्रोल पंप में काम कर रहे कर्मचारियों को कुछ समझ में नहीं आया, जब तक वे कुछ समझ पाते, युवती धारदार चाकू के वार से जख्मी हो गई थी। इस दौरान पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी संतोष यादव ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव करते हुए चाकू का वार रोकने की कोशिश की, जिसमें उसका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। युवक के सिर में कुछ इस कदर खून सवार था, पेट्रोल पंप परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से वार करने के बाद वह वाह्य मार्ग में पहुंची युवती पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किया।
*एयरगन और राॅड लहराते भाग रहा था आरोपी*
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसायकल, पिट्ठू बैग और घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू को छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी को भीड़ ने दौड़ाकर नवापारा मार्ग में आकाश मार्बल के सामने पकड़ लिया, और पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पूरा मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि आरोपी के हरकत को देखने के बाद उसकी आपराधिक मानसिकता सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी को पकड़ने का प्रयास पेट्रोल पम्प के पास फ्रेंड्स चिकन, बिरयानी दुकान का संचालन करने वाले ने भी की, लेकिन वह उसका गला दबाते भागने में सफल हो गया। इसके बाद अशोक कुमार सिंह ने राॅड और एयरगन लहराते भाग रहे हत्यारे को अन्य लोगों की मदद से पकड़ा, इस कार्य में रास्ते से गुजर रहे एक कार सवार पुलिस अधिकारी ने भी मदद की।
*घटनास्थल पहुंचे पुलिस अधिकारी*
रिंगरोड में दिनदहाड़े यह वारदात उस समय हुई, जब शहर में विजयादशमी के मौके पर हिंदू समाज के द्वारा भव्य रैली निकाला जा रहा था। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के मद्देनजर अधिकांश पुलिस अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न मार्गाें में ड्यूटी दे रहे थे। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अफसरों की दौड़धूप शुरू हो गई। हालांकि इन्हें आरोपी को गिरफ्तार करने मशक्कत नहीं करनी पड़ी। क्योंकि आरोपियों को पहले ही पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल भी मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी लिए। घटना के बाद पेट्रोल पम्प का संचालन पूरी तरह से बंद करके यहां लोगों की आवाजाही को बैरीकेड लगाकर रोका गया, हालांकि इसके पहले कई लोगों का यहां आना-जाना हो चुका था।
*सीसीटीव्ही में घटना हुई कैद*
हत्या की वारदात को किस प्रकार आरोपी ने अंजाम दिया, इसका फुटेज सीसीटीव्ही में कैद है। पुलिस ने घटना के बाद यहां काम करने वाली अन्य कर्मचारियों का कथन लिया है। घटना से घबराई महिला कर्मचारियों के आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है। इनका कहना है कि तीन-चार माह पहले ही विद्यावती पेट्रोल पम्प में काम करने के लिए आई थी। सभी अपने काम में व्यस्त थे। विद्यावती भी ग्राहकों को पेट्रोल दे रही थी। चीख-पुकार सुनने के बाद उन्होंने जो नजारा देखा, इसके बाद वे दहशत में आ गई थीं। पेट्रोल पम्प में काम करने वाले संतोष ने विद्यावती को बचाने की भरसक कोशिश की, जिसमें वह भी जख्मी हो गया।
*तीन दिन से समझा रहा था, नहीं मानी*
मामला प्रेम प्रसंग का है या कुछ और, यह तो पुलिस के जांच का विषय है। हत्यारे को पकड़ने में ताकत झोंके अरूण कुमार सिंह का कहना है कि पकड़ में आने के बाद हत्यारा योगेन्द्र पैकरा बड़बड़ा रहा था कि तीन दिन से समझा रहा था, नहीं मानी। पहले मोबाइल तोड़ा, अब चाकू मार दिया। यह भी बताया जा रहा है कि कथित रूप से आरोपी अंबिकापुर में काम की तलाश में आया था।
*नृसंश हत्या में सरगुजा पुलिस गुमराह कर रही*
नंगे पांव सत्याग्रह के संयोजक राजेश सिंह सिसोदिया ने भारती उर्फ विद्यावती टोप्पो हत्याकांड के मामले में सरगुजा पुलिस पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज से इस मामले की जांच किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि जिला पुलिस सरगुजा पूरी तरह से फेल हो चुकी है। ना जनता से संवाद ना ही कोई सूचनातंत्र। पूरे मामले की सच्चाई यह है कि भारती टोप्पो मूल निवास ग्राम मगाजी, पुलिस थाना चांदो जिला बलरामपुर अंबिकापुर स्थित बनारस रोड में किराए से रहकर पेट्रोल पंप में काम करके अपना जीवन यापन कर रही थी।
हत्यारा जोगेंद्र पैकरा ऊर्फ लादेन निवासी भूलसी कला पुलिस थाना चांदो जिला बलरामपुर कुछ दिनों से युवती का शाम के समय पीछा करता था। बुधवार की शाम को वह भारती का फोन तोड़ दिया था। लादेन के नाम से कुख्यात जोगेंद्र के ऊपर पहले से बलरामपुर जिले में कई अपराध दर्ज हैं। सरगुजा पुलिस प्रेम प्रसंग बताकर मामले को रफा दफा व आरोपी को ढील देने की फिराक में है।

Categorized in: