सुकमा, 23 सितंबर। पुलिस एवं सीआरपीएफ के ज्वाइंट ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ के सुकमा में पांच लाख इनामी नक्सली केरलापाल एरिया का कमाण्ड इन चीफ माड़वी मोहन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ 30 से अधिक केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं और इस पर शासन ने पांच लाख रुपये इनाम घोषित था।

शुक्रवार को प्रेसवार्ता में सीआरपीएफ डीआई अरविंद रॉय, एसपी सुनील शर्मा, सीआरपीएफ 74 वाहिनी कमाण्डेन्ट डीएन यादव, नक्सल ऑप्स एएसपी किरन चव्हाण ने बताया कि जिले के पोलमल्ली थाना क्षेत्र में 10-12 सशस्त्र नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। इस पर 74 वाहिनी सीआरपीएफ के टूआईसी संदीप बीजारनिया एवं थाना प्रभारी पोलमपल्ली उपनिरीक्षक निसार नियाजी ने पुलिस व सीआरपीएफ के जवानाें के साथ ग्राम तोंगगुड़ा, उपमपल्ली, गोंदपल्ली की सघन सर्चिंग की। लगभग 11 बजे गोंदपल्ली व उपमपल्ली के मध्य जंगल में 10-12 वर्दीधारी सशस्त्र नक्सली दिखाई दिए। पुलिस को देखकर नक्सली भागने लगे। पुलिस पार्टी ने भागते हुए एक नक्सली को घेराबंदी कर पकड़ लिया। नक्सली की पहचान माड़वी मोहन उम्र 27 वर्ष निवासी डब्बापारा पूवर्ती, थाना जगरगुण्डा जिला सुकमा के रूप में हुई। उसने खुद को नक्सली संगठन के केरलापाल एरिया कमेटी में एरिया कमांड-इन-चीफ (एसीएम) के पद पर कार्यरत होना बताया।

गिरफ्तर नक्सली 13 वर्ष से था सक्रिय

नक्सली माड़वी मोहन वर्ष 2009 से प्रतिबंधित नक्सली संगठन से जुड़कर लगातार 13 वर्ष से सक्रिय था। मोहन पर जिले के थाना केरलापाल, गादीरास, फुलबगड़ी में हत्या, लूट, डकैती, आगजनी, हत्या का प्रयास, जैसे 30 अपराध केसों में नामजद है। पुलिस ने उसके पास से एक भरमार बंदूक, एक काले रंग का पिट्टू बैग जिसमें पांच इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, तीन जिलेटिन रॉड, मल्टीमीटर, दिशा सूचक यंत्र, रेडियो, दवाइयां सहित अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री बरामद किया है।

Categorized in: