राजेन्द्र ठाकुर/बलरामपुर

बलरामपुर, पशु तस्करी पर नकेल कसते हुए बलरामपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने छह बैलों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस दौरान घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन एवं पायलटिंग कर रही एक टयोटा ग्लैंजा कार को भी जप्त किया गया है, वहीं एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भापेंद्र साहू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सोमवार रात्रि को झारखंड से आए पशु तस्करों द्वारा प्रतापपुर सूरजपुर क्षेत्र से मवेशी तस्करी की सूचना मिलने पर बलरामपुर थाना पुलिस ने संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की योजना बनाई। रात्रि लगभग 2 बजे एक संदिग्ध टयोटा ग्लैंजा कार पुलिस नाका को तोड़ते हुए फरार हो गई, जिसके बाद उसका पीछा किया गया।

इसी बीच एक पिकअप वाहन पुलिस को देखकर अम्बिकापुर की ओर भागने लगा। पीछा किए जाने पर चालक वाहन को तरखाखाड़ के जंगल में ले जाकर छुपा कर फरार हो गया। पुलिस टीम ने जंगल में छिपे वाहन को बरामद किया, जिसमें क्रूरतापूर्वक 06 बैल भरे हुए थे। सभी बैलों को सुरक्षित बाहर निकाल कर पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण उपरांत संरक्षण में लिया गया।

वहीं, टयोटा कार को सेमली मोड़ के पास छिपाकर रखे जाने की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को जप्त किया और उसके चालक समशेर आलम निवासी खपरा, थाना रंका, जिला गढ़वा, झारखंड को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पशु तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी के विरुद्ध थाना बलरामपुर में अपराध क्र, 46/2025 के तहत अधिनियम के धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

समशेर आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा जारी है।

 

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भापेन्द्र साहू, उप निरीक्षक किरणेश्वर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक राधेश्याम विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक शिपक शर्मा एवं नागेन्द्र पांडे, आरक्षक महेंद्र गुप्ता, सचिन्द्र सिंह, कुलदीप केरकेट्टा, फ्रांसिस लकड़ा, सैनिक आनंद सहित बजरंग दल की स्थानीय इकाई के युवाओं की सराहनीय भूमका रही।

Categorized in: