राजेन्द्र ठाकुर/बलरामपुर

बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में एक युवती ने प्रेम-प्रसंग में मिले धोखे और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या कर ली। 26 अप्रैल को मृतिका के पिता ने थाना रामचंद्रपुर में सूचना दी कि जब वे महुआ बिनने गए थे, उसी समय उनके पुत्र ने फोन पर जानकारी दी कि उनकी पुत्री ने घर में दुपट्टे से फांसी लगा ली है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के दौरान पंचनामा कार्यवाही की गई। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें पवन कुमार सिंह नामक युवक पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया था।
सुसाइड नोट में उल्लेख किया गया है कि मृतिका और पवन कुमार सिंह के बीच प्रेम संबंध था तथा मृतिका उससे विवाह करना चाहती थी। परंतु आरोपी न केवल विवाह से इनकार करता रहा, बल्कि उसने उसे किसी अन्य से भी विवाह करने से मना कर दिया था। इसके साथ ही आरोपी द्वारा धमकी भी दी गई थी, जिससे युवती मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
विवेचना के दौरान आरोपी पवन कुमार सिंह के खिलाफ आरोप प्रमाणित पाया गया और गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Categorized in: