बिश्रामपुर। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर सूरजपुर एएसडीएम जगन्नाथ वर्मा के नेतृत्व में किए गए कार्यवाही उपरांत शिवनंदनपुर पंचायत में लाखों रुपए के बकाया राशि वसूली में तेजी आई है। बकाया राशि का भुगतान आने उपरांत पिछले सील किए गए तीन दुकानों को खोल दिया गया है। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर में वर्षों पूर्व पंचायत परिसर के अलावे इतवारी बाजार प्रांगण में अटल बाजार के तहत लाखों रुपए खर्च करके दुकानों का निर्माण कराया गया है। जिसमें कई दुकानदारों द्वारा किराया राशि का वर्षों से भुगतान न किए जाने से पंचायत को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था। जिस पर पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा पिछले दिनों कलेक्टर रोहित व्यास को ज्ञापन सौंपकर बकाया राशि का भुगतान कराए जाने की मांग की गई थी। पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर कलेक्टर के निर्देश पर सूरजपुर एसडीएम जगन्नाथ वर्मा द्वारा गत दिनों यहां आकर दुकानदारों को समझाइश देते हुए बकाया राशि के भुगतान किए जाने के निर्देश दिए गए थे। बताया जा रहा है कि पंचायत परिसर में 44 दुकान संचालित हैं जबकि अटल बाजार में 18 दुकान संचालित हैं। पंचायत परिसर के दुकानदारों द्वारा करीब छह लाख रूपए बकाया राशि है जबकि अटल बाजार दुकानों से 1359000 रुपए की राशि वसूली करने बकाया है। सूरजपुर एसडीएम के निर्देश पर गत दिनों 4 अप्रैल को अटल बाजार के सात दुकानों को पिलखा नायब तहसीलदार आरबी मानिकपुरी द्वारा राशि का भुगतान न होने पर सील कर दिया गया था, जिसमें तीन दुकानदारों द्वारा साठ हजार रुपए राशि पंचायत में जमा किए जाने पर उक्त दुकानों का सील खोल दिया गया है। पंचायत परिसर दुकानदारों द्वारा एसडीएम से दो महीने के भीतर बकाया राशि जमा करने की मोहलत ली गई है। बताया जा रहा है कि 1 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच पंचायत परिसर के दुकानों से पंचायत में 34700 रुपए जमा हो गया है जबकि अटल बाजार की दुकानों से 3 लाख 95 हजार रुपए की वसूली पंचायत में जमा की जा चुकी है। पंचायत में बकाया राशि की वसूली में तेजी आने से पंचायत प्रतिनिधियों व कर्मचारियों ने अब राहत की सांस ली है।

Categorized in: