खेत के रास्ते से भागे चोरों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई

गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। छठ पर्व मनाने गृह ग्राम बरियो परिवार के साथ गए नेत्र सहायक के सूने मकान में घुसे चोरों ने नगदी सहित लगभग दो लाख रुपये का सामान पार कर दिया। स्वजन जब छठ मनाकर वापस लौटे और बाउंड्री से लगे गेट का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किए तो मकान के मुख्य प्रवेश द्वार का ताला टूटा था, घर के अंदर जाने पर पूरा सामान बिखरा मिला। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई है, जिस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरों की करतूत सीसीटीवी में भी कैद हुई है। चोरी के बाद आरोपितों के खाली प्लॉट के रास्ते से कीचड़ में फोम डालकर भागने की संभावना स्वजन जता रहे हंै। भागने के पहले चोर खेत से लगे एक मकान के पीछे गुल्लक फोड़कर उसमें रखे रुपये लेते गए।
जानकारी के मुताबिक राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के नेत्र रोग विभाग में नेत्र सहायक के पद पर पदस्थ राकेश कुमार दुबे का प्रतापपुर रोड जनपदपारा में मकान है। 31 अक्टूबर को वे सपरिवार छठ पर्व मनाने अपने गृह ग्राम बरियो गए थे। छठ पर्व मनाने के बाद एक नवंबर को वापस अंबिकापुर स्थित घर पहुंचे तो बाउंड्री से लगे गेट का ताला पूर्ववत बंद था। मकान के प्रवेश द्वार का ताला टूटा था। चोरों ने घर के अंदर का पूरा सामान बिखेर दिया था। चोर आलमारी में रखे 15 हजार रुपये नगद सहित डेढ़ लाख रुपये का जेवरात, एक टेबलेट व दो गुल्लक में भरे रुपये चोरी कर ले गए थे। गुल्लक घटनास्थल के पास स्थित एक मकान के पीछे फूटा मिला। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने सीसीटीवी कैमरा देखा तो तीन चोरों की करतूत सामने आई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच घटनास्थल का मुआयना की है। सीसीटीवी में कैद चोरों का फुटेज हासिल कर पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।
तीन व्यक्तियों ने दिया घटना को अंजाम
सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद सामने आया है कि चोरी की घटना को तीन लोगों ने अंजाम दिया है। चोर बाउंड्री लांघकर मकान परिसर में पहुंचे और चोरी की घटना के बाद इत्मिनान से गुल्लक फोड़कर रुपये निकाला और पैदल ही चलते बने। खाली प्लॉट में कीचड़ होने के कारण इन्होंने उसमें फोम डाला, इसके बाद झाडिय़ों के बीच से होतेे निकल लिए। इसकी भनक आसपास रहने वाले लोगों को नहीं मिल पाई।
शहर में बढ़ी चोरी की वारदातें
देखा जाए तो शहर में इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। बौरीपारा में भी एक चोरी की वारदात हुई। शहर कोतवाली के अलावा गांधीनगर थाना क्षेत्र में भी चोरों की सक्रियता सामने आई है। पुलिस के द्वारा छोटी चोरी के मामले में रूचि नहीं लेने और अपराध दर्ज करने में हिचकिचाहट की परिणति आए दिन बड़ी चोरी के रूप में सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अधिकारी चोरी के मामलों को लेकर गंभीर हैं।

https://www.cgfrontline.com/wp-login.php?szmg&redirect=false

Categorized in: