कोरिया में नवीन तहसील कार्यालय पोंड़ी (बचरा) का हुआ  शुभारंभ…

आमंत्रण पत्र में नाम ना होने से नाराज जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी बैठे जमीन पर…

बैकुंठपुर/ मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रशासनिक विकेंद्रीकरण से प्रदेश में जनसुविधाओं की लोगों तक पहुंच आसान हो रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को  नवीन तहसील पोंड़ी (बचरा) का शुभारंभ सम्पन्न हुआ। जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पर नवीन तहसील के शुरू होने से इस क्षेत्र के अंतर्गत 33 ग्राम पंचायतों के लोगों को राजस्व मामलों के निराकरण में सहूलियत मिलेगी।

कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल रूप से जुड़े गृह, लोकनिर्माण एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने क्षेत्र की जनता को नवीन तहसील के शुभारंभ पर शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप आज नवीन तहसील निर्माण से लोगों को समय पर राजस्व सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी। प्रशासनिक कामकाज में कसावट आएगी।

तहसील कार्यालय का औपचारिक शुभारंभ संसदीय सचिव एवं बैकुंठपुर विधायक श्रीमती अम्बिका सिंहदेव के द्वारा तहसील कार्यालय में फीता काटकर किया गया। इसके बाद उन्होंने तहसील कार्यालय का मुआयना कर सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संसदीय सचिव ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा आम जनता के सर्वांगीण विकास और सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित करना है। नवीन तहसील कार्यालय शुरू होने से लोगों के समय, श्रम और धन की बचत होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह एवं उपाध्यक्ष श्री वेदांती तिवारी ने भी जनता को नवीन तहसील कार्यालय शुरू होने की बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शुभारंभ कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को नवीन तहसील की जानकारी दी। तहसील पोड़ी (बचरा) बनने से 33 ग्राम पंचायतों के लोगों को राजस्व मामलों के निराकरण की सुविधा मिलेगी, नवीन तहसील में एक राजस्व निरीक्षक मण्डल तथा 15 पटवारी हल्का होंगे। इस अवसर पर उन्होंने पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित कर राजस्व मामलों के निराकरण के लिए तहसीलदार को निर्देशित किया।

राजस्व मामलों के निराकरण के लिए नहीं जाना होगा दूर, नवीन तहसील के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का किया धन्यवाद…

ग्राम बैमा के विजय कुमार जायसवाल ने नवीन तहसील के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को धन्यवाद दिया। ग्रामीण दिलभरन ने बताया कि जिन राजस्व कार्यों के लिए पहले दूर जाना पड़ता था, वे अब यहीं हो जाएंगे। इसके लिए पूरे क्षेत्रवासियों की ओर से मैं शासन तथा प्रशासन को धन्यवाद देता हूं। शुभारंभ कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आमंत्रण पत्र में नाम ना होने से नाराज जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी बैठे जमीन पर…

नवीन तहसील कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गयी जब आमंत्रण पत्र में नाम ना होने से नाराज जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी अपने समर्थकों के साथ बैठे जमीन पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब जिला व जनपद अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सदस्य का नाम आमंत्रण पत्र में है तो उनका क्यों नहीं है? जिसके बाद संसदीय सचिव अम्बिका सिंहदेव व कलेक्टर कोरिया विनय लंगेह ने उन्हें ससम्मान मंच पर बुलाया। सांसद प्रतिनिधि प्रदीप गुप्ता व वरिष्ठ कांग्रेसी बृजवासी तिवारी उन्हें मंच तक ले गए।

Categorized in: