मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । भए प्रगट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी के गीतों के साथ दोपहर के 12:00 बजते ही प्रभु राम का भव्य जन्मोत्सव नगर के श्रीराम मंदिर में मनाया गया। रामनवमी का पर्व पूरे धूमधाम से मंदिरों व घरों में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम श्रीराम मंदिर में हुआ जहां 12 बजते ही ढोल नगाड़े से भगवान की स्तुति की गई। मुख्य पुजारी ने भगवान की आरती उतारकर पूजन किया। श्रीराममंदिर में राम जन्म के बधाई गीतों से पूरा माहौल राममय हो गया। प्रभु का जन्म होते ही घंटा घड़ियाल और प्रभु के जय जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया । मंदिर में भगवान को 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया । इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ विनय जायसवाल सहित सैकड़ों भक्त मौजूद रहे। विधायक विनय जायसवाल श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम की पूजा आराधना कर क्षेत्रवासियों के लिए मंगल कामना की । शहर के रेलवे परिक्षेत्र लोको में स्थित सबसे पुरानी श्रीराम मंदिर में भी जन्मोत्सव मनाया गया तथा भंडारे का आयोजन किया गया । हवन पूजन के साथ भगवान का भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। घंटा घड़ियाल और शंखनाद के बीच प्रभु का जन्मोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। नगर में कई जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया। शहर से लेकर गांव तक रामनवमी  का त्यौहार पूरे धूमधाम से मनाया गया।

Categorized in: