राजेन्द्र ठाकुर (राजू) बलरामपुर-बलरामपुर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए आगामी 1 दिसंबर से समर्थन मूल्य पर होने वाली धान खरीदी के दृष्टिगत सभी सीमावर्ती जिले के कलेक्टरों को धान के अवैध परिवहन रोकने के सख्त निर्देश दिए थे। छत्तीसगढ़ के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए तथा सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन की संभावना के दृष्टिगत कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा था कि धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। चूंकि बलरामपुर जिले की सीमा 3 राज्यों को स्पर्श करती है तथा इन सीमावर्ती राज्यों में धान का समर्थन मूल्य छत्तीसगढ़ की तुलना में कम है, जिससे आशंका बनी रहती है कि बिचौलिए अपना धान खपाने के लिए अवैध परिवहन को खरीदी के पूर्व ही अंजाम दे। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर पूरा प्रशासनिक अमला खरीदी के पूर्व ही सक्रिय हो गया है। इसी क्रम विकासखंड वाड्रफनगर केसारी बॉर्डर के पास राजस्व व पुलिस अधिकारियों की सयुंक्त टीम द्वारा अवैध परिवहन किये जा रहे 246 बोरा धान की जब्ती की गई। चालक के पास धान परिवहन का कोई वैध दस्तावेज न होने के कारण मंडी अधिनियम 1972 की धारा 23 के तहत कार्यवाही कर धान को वाहन सहित रघुनाथनगर थाने में सुपुर्द किया गया। धान खरीदी की प्रकिया सुचारू रूप से सम्पन्न कराने तथा धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए राज्य शासन से प्राप्त निर्देशानुसार प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
जिला प्रशासन छत्तीसगढ़ में आगामी धान खरीदी को देखते हुए अवैध परिवहन को रोकने सीमावर्ती क्षेत्रों की कड़ी निगरानी कर रहा है।

Categorized in: