अंबिकापुर. प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम दरहोरा में शनिवार की रात हाथियों ने एक युवक को कुचलकर मार डाला। दरअसल हाथियों का दल गणेशपुर से होता हुआ रात में दरहोरा गांव के पास पहुंचा था। यह देख गांव वाले बाहर निकल गए और उन्हें खदेडऩे की कोशिश करने लगे। इसी बीच दो हाथियों ने उन्हें दौड़ाया तो सभी भागने लगे। इसी बीच एक युवक खेत में गिर गया जिसे हाथियों ने कुचलकर मार डाला। रातभर युवक घर नहीं लौटा तो परिजन आज सुबह उसे खोजने निकले थे। इसी बीच उसकी लाश खेत में मिली। सूचना पर वन अमला व पुलिस की टीम पहुंची। पीएम पश्चात युवक का शव उनके परिजन को सौंप दिया गया।
गौरतलब है कि प्यारे हाथी का 18 सदस्यीय दल प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के गणेशपुर जंगल में कुछ दिनों से डटा हुआ था। इसी बीच 2 हथिनियों की मौत के बाद दल वहां से निकलकर शनिवार की रात प्रतापपुर के ग्राम सरहरी से अमरपहाड़ होते हुए ग्राम दरहोरा के आसनापारा गेल्हाझरिया इलाके में पहुंचा था। हाथियों को आया देख रात करीब 8 बजे गांव के लोग बाहर निकले और उन्हें खदेडऩे की कोशिश करने लगे। यह देख प्यारे हाथी व एक अन्य हाथी ने उन्हें दौड़ाना शुरु कर दिया। यह देख सभी भाग निकले लेकिन ग्राम दरहोरा निवासी रामकुमार पिता अमरसाय 18 वर्ष खेत में फंसकर गिर गया। इसके बाद दोनों हाथियों ने उसे कुचलकर मार डाला। इधर देर रात तक रामकुमार घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने सोचा कि अपने किसी दोस्त के घर चला गया होगा। जब वह सुबह भी नहीं लौटा तो परिजन उसकी खोजबीन में निकले। इसी बीच गेल्हाझरिया स्थित गांव के ही मनीराम के खेत में उसकी लाश पड़ी मिली। हाथियों ने उसे कुचलकर मार डाला था।
सूचना पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारी
हाथियों द्वारा युवक को मार डालने की खबर पर वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने पंचनामा व पीएम पश्चात युवक का शव उसके परिजन को सौंप दिया। वहीं तात्कालिक सहायता राशि भी प्रदान की गई। गौरतलब है कि गणेशपुर जंगल में 2 हथिनियों की मौत के बाद प्यारे हाथी का दल शुक्रवार को ही उक्त जंगल से निकल गया था।

Categorized in: