0 अम्बिकापुर से बनारस लेकर जा रहे थे गांजा

0 जिले की रेवटी पुलिस ने धर दबोचा

चन्चलेश श्रीवास्तव

सूरजपुर। जिले की रेवटी पुलिस ने गांजा तस्करी में संलिप्त यूपी के दो बाईक सवार युवकों से 11 किलो गांजा जप्त किया है। जिसकी कीमत 2.20 लाख रुपये बताई गई है। उक्त गांजे को तस्कर अम्बिकापुर से बनारस लेकर जा रहे थे। मंजिल तक पहुंचने से पूर्व दोनों तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू के सख्त निर्देश के बाद नशे के अवैध कारोबारियों के विरूद्ध पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। यही वजह है कि जिले में अवैध कारोबार में संलिप्त लोग या तो अंदर ग्राउंड हो गए है या फिर जेल की हवा खा रहे है। एक के बाद एक पुलिस के द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई से तस्करों की कोई भी चालाकी काम नहीं आ रही है और जिले की पुलिस के हाथ इनकी गिरेबां पकड़ कर इन्हें जहां होना चाहिए वहां पहुंचा रही है। बताया गया है कि जिले की रेवटी पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर उत्तरप्रदेश के 2 शातीर गांजा तस्करों को पकड़ा है। जिनसे 11 किलो गांजा जप्त किया गया है। तस्कर गांजा को अम्बिकापुर से बनारस ले जा रहे थे। गुरूवार को रेवटी चौकी प्रभारी सुनील सिंह को मुखबीर से सूचना मिली कि एक मोटर सायकल में 2 गांजा तस्कर अम्बिकापुर से बनारस की ओर गांजा लेकर जा रहे है। एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने बनारस मुख्य मार्ग के ग्राम भेड़िया में घेराबंदी कर मोटर सायकल सहित नीरज सिंह पिता जीत बहादूर सिंह उम्र 32 वर्ष निवासी नीबाबल, थाना लालगंज, जिला मिर्जापुर उत्तरप्रदेश एवं बबलेश कोल पिता रामधनी कोल उम्र 27 वर्ष ग्राम खरीहट कला, थाना लालगंज, जिला मिर्जापुर उत्तरप्रदेश को पकड़ा।

0 तस्करों की चालाकी नहीं आई काम

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 4 किलो गांजा जप्त किया और गांजा के बारे में कड़ी पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि मोटर सायकल की सीट में और गांजा छिपाकर रखे है। जिसके बाद पुलिस ने और 7 किलो गांजा बरामद किया। आरोपियों ने बड़ी सफाई के साथ मोटर सायकल की सीट के नीचे बडे़ शातिराना तरीके से गांजा छिपाकर रखा था ताकि इसकी भनक किसी को न लग सके। मामले में आरोपियों से कुल 11 किलो गांजा कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रूपये एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल जप्त कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी रेवटी सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक अखिलेश यादव, प्रदीप उपाध्याय, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह, तिरथ राजवाड़े, निर्मल राजवाड़े, जयजीत, सैनिक रामा शंकर व प्रेम सिंह सक्रिय रहे।

0 टीम को किया गया पुरस्कृत

पुलिस अधीक्षक ने रेवटी पुलिस टीम को गांजा तस्करों के विरूद्ध तत्परतापूर्वक कार्यवाही करने पर उत्साहवर्धन के लिए 500 रूपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।

Categorized in: