0

0 शटर का ताला काटकर 25 हजार का सामान किया पार

सूरजपुर। शहर के हृदय स्थल सुभाष चौक में लगी तीसरी आंख के बंद होते ही सक्रिय हुए चोरों ने चौक पर स्थित एक पान मसाले की दुकान में धावा बोलकर नगदी समेत करीब 25 हजार रुपये का सामान पार कर दिया है। आपको बता दें कि चोरों ने जिस स्थान की दुकान पर अपना हाथ साफ किया है। उक्त स्थान से चार फरलाँग की दूरी पर ही रात्रि गस्त के दौरान निकले पुलिस के जवान बड़ी मुस्तैदी से पहरा देते नजर आते रहते है। बताया गया है कि सुभाष चौक पर दिनेश गुप्ता की पान मसाले की दुकान है। जहां से प्रतिदिन की भांति बीती रात भी श्री गुप्ता अपनी दुकान बंद कर वकील कॉलोनी स्थित अपने घर चले गए थे। रात में चोरों ने शटर में लगे दोनों तालों को आरी ब्लेड से काट कर दुकान के अंदर प्रवेश किया और द्राज में रखे तीन हजार रुपए समेत करीब 25 हजार रुपए का सिगरेट लेकर चलते बने। इस बात की जानकारी दुकान संचालक को सुबह उस वक्त लगी जब वे दुकान खोलने पहुंचे थे। शिकायत थाने में दर्ज कराई गई जिस पर कोतवाली पुलिस ने धारा 457 व 380 का अपराध दर्ज कर पतासाजी प्रारम्भ की है। चोरों ने जिस इत्मीनान के साथ आरी ब्लेड के सहारे शटर में लगे दोनों तालों को काट कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। उससे तो यह नहीं लगता है कि चोरो के अंदर पुलिस का कोई ख़ौफ़ रहा होगा!

0 महीनों से बंद है शहर की सुरक्षा हेतु लगाई गई तीसरी आंख

आपको बता दे कि शहर के गतिविधियों की जानकारी के साथ सुरक्षा व चोरी के इस तरह की वारदातों पर नजर रखने के लिए शहर की सीमा से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक जिनमे मेन रोड, सुभाष चौक, अग्रसेन चौक, नवापारा, माता कर्मा चौक इन पांच स्थानों को चिन्हांकित कर सीसीटीव्ही कैमरा लगाया गया है। ताकि हिमाकत करने वालो के गिरेबान तक पुलिस के हाथ आसानी से पहुंच सके। एसईसीएल व यहां के व्यापारियों के सहयोग से पुलिस द्वारा शहर की निगरानी में लगाई गई तीसरी आंख करीब साल भर से बंद है पर इसे रिपेरिग कराकर दुबारा से चालू नहीं कराया जा सका है। सूत्रों की माने तो करीब सालभर पूर्व जिस व्यवसायी के माध्यम से यह कैमरा लगाया गया है। उसका पूर्ण भुगतान अब तक नहीं किया जा सका है। जिसके कारण व्यापारी रखरखाव की दिशा में अपनी सेवा देने के लिए असमर्थता जाहिर कर चुका है। नतीजा आपके सामने है। यह अलग बात है कि सुभाष चौक में लगा कैमरा तीन दिन पूर्व ही बंद हुआ है।

Categorized in: