सरीला, । जलालपुर थानाक्षेत्र के बरखेरा गांव में रविवार की रात द्वारचार के दौरान डीजे पर डांस को लेकर घराती और बाराती भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुचीं पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इस घटना से वैवाहिक कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई और शादी की रस्में ठप हो गई। सवेरे पुलिस की मौजूदगी शादी संपन्न कराई गई।

बरखेरा गांव निवासी सतानंद ने अपनी पुत्री की शादी मुस्करा में तय की थी। रविवार की शाम बारात गांव पहुंच गई। बारात का स्वागत-सत्कार किया गया। बाराती बैंडबाजा लेकर द्वारचार के लिए कन्या पक्ष के घर पर पहुंचे। वहां डीजे पर डांस को लेकर बारातियों ने हुड़दंग शुरू कर दिया। जिसका विरोध करने पर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान मारपीट में घराती खूबचंद व बाराती धर्मेंद्र घायल हो गए।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद थाना प्रभारी नरेंद्र यादव पुलिस बल के साथ रात करीब एक बजे मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी सरीला भेजा गया। इस घटना के बाद बारातियों में भगदड़ मच गई। पूरी रात गांव में पुलिस का पहरा लगा रहा। सुबह पुलिस की सूझबूझ से किसी तरह शादी की रस्में पूरी कराई गईं। पुलिस की मौजूदगी में लड़की की विदाई की गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि शराब के नशे में बाराती व घराती भिड़ गए थे। दो लोग घायल हुए हैं। जिनका इलाज चल रहा है। सवेरे दोनों पक्षों की सहमति के बाद शादी संपन्न कराई गई।

Categorized in: