मनेन्द्रगढ़। दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर रेल मंडल के डीआरयूसीसी सदस्य व नगरपालिका परिषद के पार्षद श्यामसुंदर पोद्दार ने मनेंद्रगढ़ विधायक ड. विनय जायसवाल को पत्र लिखकर चिरमिरी-नागपुर हाल्ट नई रेल लाइन परियोजना हेतु निजी भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराए जाने की मांग की है।
तत्संबंध में डीआरयूसीसी सदस्य व पार्षद श्यामसुंदर पोद्दार ने कहा कि चिरमिरी-नागपुर हाल्ट नई रेल लाइन परियोजना केंद्र एवं राज्य सरकार के साझेदारी के तहत् 50 प्रतिशत केंद्र व 50 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा पूर्ण किया जाना है। परियोजना के सर्वे के तहत् जमीन अधिग्रहण का सर्वे किया गया था जिसमें निजी भूमि भी है। निजी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लंबित है। निजी भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा इत्यादि वितरित हो जाने के पश्चात् ही रेल प्रशासन द्वारा निर्माण इत्यादि से संबंधित निविदा आमंत्रित करने संबंधी 24 जुलाई 2019 को पत्र के माध्यम से जानकारी दी गई थी। निजी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के संबंध में पूर्व कलेक्टर डोमन सिंह द्वारा मनेंद्रगढ़ एसडीएम को निर्देशित भी किया जा चुका है। डीआरयूसीसी सदस्य व पार्षद श्री पोद्दार ने विधायक से निजी भूमि अधिग्रहण शीघ्र कराए जाने की मांग की है, ताकि बहुप्रतीक्षित चिरमिरी-नागपुर हल्ट नई रेल लाइन परियोजना का कार्य पूर्ण हो सके।

Categorized in: