बालोद – बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य गंभीर है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बालोद पुलिस पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के मुताबिक घटना, डोंडी थाना क्षेत्र के मरकाटोला की है। शुक्रवार दोपहर दल्ली राजहरा मार्ग के मरकाटोला में तेज रफ्तार ट्रक ने कार और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में 6 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि एक ट्रक क्रमांक CG 19BG 1705 आयरन भरकर भानुप्रतापपुर की ओर से बालोद की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से एक बाइक और उसके पीछे एक कार क्रमांक CG-04 HC 0813 भानुप्रतापपुर की ओर जा रही थी। तभी ट्रक ने बाइक और कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक और कार के परखच्चे उड़ गए। साथ ही इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 5 लोगों और बाइक सवार एक की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में एक अन्य गंभीर है, जिसे उपचार के लिए डौंडी में भर्ती कराया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: