चालक को गंभीर चोटें आई, प्राथमिक चिकित्सा के बाद किया रिफर

रामानुजगंज। शनिवार की दोपहर 12 बजे रिंग रोड में रायपुर की ओर जा रही चावल लोड ट्रक विपरीत दिशा से आ रही टमाटर लोड तेज रफ्तार आइशर वाहन को साइड देने के चक्कर में करीब 15 फीट नीचे खेत में जाकर पलट गई। दुर्घटना में ड्राइवर के पैर में गंभीर चोट आई है, जिसका प्राथमिक इलाज रामानुजनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करने के बाद रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पर सब इंस्पेक्टर हेमंत अग्रवाल एवं एएसआइ टिकेश्वर यादव मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार पटना से चावल लोड करके ट्रक चालक रायपुर जाने निकला था, इसी दौरान रिंग रोड में विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आइसर वाहन को आते देख चावल लोड ट्रक का चालक नियंत्रण खोया और ट्रक खेत में पलट गई, जिससे ड्राइवर राहुल पांडेय 22 वर्ष, निवासी ग्राम मोतिहारी बिहार को पैर में गंभीर चोट आई है।
तेज रफ्तार सब्जी वाहन बन रहे दुर्घटना के कारण
प्रतिदिन बड़ी संख्या में पिकअप वाहन सब्जी लोड करके राष्ट्रीय राजमार्ग-343 से आना-जाना करती हैं। इनकी रफ्तार इतनी तेज रहती है कि आए दिन दुर्घटनाजन्य परिस्थितियां निर्मित होती हैं। समय पर सब्जी पहुंचाने की होड़ में हादसे हो रहे हैं, इस पर सख्ती की जरूरत है।

Categorized in: