बलरामपुर जिले के डिण्डो चौकी क्षेत्र अंतर्गत जंगल में शिकार के दौरान भरमार बंदूक से चली गोली लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से चार भरमार बंदूकें भी बरामद की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलसर निवासी मगर साय ने चौकी डिण्डो में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका पुत्र मुकेश गोड़ अपने साथी राजेन्द्र पण्डो के साथ शिकार के लिए पुरानपानी जंगल गया था। इस दौरान राजेन्द्र पण्डो द्वारा कोटरी जंगली जानवर पर फायरिंग के प्रयास में गोली मुकेश की पीठ में जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में एसडीओपी रामानुजगंज के नेतृत्व में एक संयुक्त पुलिस टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर राजेन्द्र पण्डो, शंकर पण्डो, रामलखन पण्डो, विंध्याचल कोड़ाकू, टेम्पू उर्फ रामनरेश पण्डो एवं सोहराब अंसारी को हिरासत में लिया और पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान राजेन्द्र पण्डो ने बताया कि शिकार के समय गलती से मृतक मुकेश गोड़ उसके गोली लग गया घटना के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपीगण अवैध रूप से भरमार बंदूकों का उपयोग कर शिकार कर रहे थे।
जांच के दौरान राजेन्द्र पण्डो, रामलखन पण्डो और विंध्याचल कोड़ाकू से तीन भरमार बंदूकें तथा घटनास्थल से एक और बंदूक बरामद की गई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये बंदूकें सोहराब अंसारी से खरीदी गई थीं। पूछताछ में सोहराब अंसारी ने भी अवैध हथियारों के व्यापार में संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 23/2025 धारा 105 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इन लोगों की हुई गिरफ्तारी
1. राजेन्द्र पण्डो पिता स्व दशू पण्डो (45 वर्ष)
2. शंकर पण्डो पिता शिवनारायण पण्डो (24 वर्ष)
3. रामलखन पण्डो पिता रामअवतार पण्डो (30 वर्ष)
4. विंध्याचल कोड़ाकू पिता रामराज कोड़ाकू (25 वर्ष
5. टेम्पू उर्फ रामनरेश पण्डो पिता ईश्वर (35 वर्ष)
6. सोहराब अंसारी पिता रूस्तम अली (45 वर्ष)

Categorized in: