वेद प्रकाश मिश्र

बिश्रामपुर। कुद्दरगढ़ मेला व ओड़गी ब्लाक मुख्यालय से महज कुछ दूरी पर आज सुबह जंगली जानवर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से आहत हो गए हैं। स्थानीय लोगों द्वारा बाघ के हमले की बात कही जा रही है जबकि वन विभाग द्वारा तेंदुआ होने की आशंका जताई जा रही है। यह स्थिति तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बहरहाल बाघ या तेंदुआ के हमले को लेकर क्षेत्रवासियों में भय व्याप्त हो गया है। गौरतलब है कि ओड़गी ब्लॉक के ग्राम पंचायत कालामंजन व कुदरगढ़ मेला से महज कुछ दूरी पर सोमवार की सुबह जंगली जानवर ने तीन युवकों पर प्राणघातक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत कालामाजन कटहरपारा निवासी 32 वर्षीय समयलाल पिता रूपसाय, 35 वर्षीय कैलाश सिंह पिता बालसाय, 30 वर्षीय राय सिंह पिता रुजबिहारी सोमवार की सुबह करीब 6 बजे वन विकास निगम के बी 1594 जंगल में अचानक जंगली जानवर ने तीनों युवकों पर हमला कर दिया। हमले में समयलाल पिता रूप साय की मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक कैलाश सिंह व राय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। घटना में ग्रामीणों द्वारा बाघ के क्षेत्र में पहुंचकर उक्त घटना को अंजाम दिए जाने की बात कही जा रही है जबकि वन विभाग का मानना है कि उक्त क्षेत्र के जंगलों में बाघ तो नहीं आते हैं लेकिन तेंदुआ का आमदरफ्त अक्सर बना रहता है। ऐसी स्थिति में उक्त घटना को अंजाम दिए जाने वाले जंगली जानवर को लेकर असमंजस्य की स्थिति बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर कुद्दरगढ़ मेला में भी लोगों में दहशत व्याप्त हो गया है। हालांकि विभागीय अधिकारियों के जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि उक्त घटना को बाघ ने अंजाम दिया है या तेंदुआ ने। 

Categorized in: