भोपाल –  फतेहगढ़ इलाके में रहने वाली 12वीं की छात्रा ने दो दिन पहले हनुमानगंज थाने में अपने पूर्व सहपाठी के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कराया था। अब आरोपित के पिता की शिकायत पर पीड़िता के माता-पिता के खिलाफ 10 लाख रुपये की अड़ीबाजी करने का केस दर्ज किया है। शिकायत के साथ रुपये मांगने के साक्ष्य के तौर पर रिकार्डिंग भी पेश की गई है। कोहेफिजा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक कोतवाली थाना इलाके में रहने वाले एक व्यापारी के बेटे की अपनी सहपाठी रह चुकी छात्रा से दोस्ती थी। कुछ दिन बाद दोस्ती प्रेम प्रसंग में बदल गई थी। छात्रा के स्वजन को इस बारे में पता चला तो उन्‍होंने छात्र के माता-पिता पर शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। तब उन्‍होंने बच्‍चों के नाबालिग होने की बात कहकर शादी की बात टाल दी थी। इसके बाद छात्रा के स्वजन ने व्यापारी से 10 लाख रुपये की मांग करना शुरू कर दी। साथ ही धमकी दी थी कि रुपये नहीं देने पर वह उसके बेटे के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करा देंगे।

इस मामले में व्यापारी मध्यस्थता करने के लिए 21 फरवरी को रात नौ बजे कोहेफिजा स्थित नादरा काम्पलेक्स में एक वकील के पास गए थे। बातचीत के दौरान छात्रा के स्वजन ने पुन: 10 लाख रुपये मांगे और रुपये ने देने पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की धमकी दी थी। इस बातचीत को छात्र के पिता ने रिकार्ड कर लिया था। उधर रुपये नहीं मिलने पर छात्रा के स्वजन ने दो दिन पहले हनुमानगंज थाने में छात्र के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्‍सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। छात्र के पिता की शिकायत पर छात्रा के स्वजन के खिलाफ अड़ीबाजी, ब्लैकमेल करने का केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: