भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-भाजपा जनता की आवाज बनेगी, जनविरोधी सरकार से छुटकारा दिलाएंगे

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की हवा बह रही है, उसका प्रगटीकरण कार्यकर्ताओं के उत्साह से हुआ है। प्रदेश में भाजपा का संगठन मजबूत है। मतदान केंद्रों तक ईमानदार कार्यकर्ताओं की फेहरिश्त है। सभी मिलकर पार्टी के काम को आगे बढ़ा रहे हैं। 11 नवंबर को बिलासपुर में भाजपा द्वारा महतारी हुंकार रैली का आयोजन किया गया है। रैली में प्रदेश भर की महिलाएं शामिल होंगे और शराब बंदी, सरकार द्वारा महिला स्व सहायता समूह से रोजी-रोटी छीनने, महिला उत्पीडन सहित कई मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेंगी। महतारी हुंकार रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित राष्ट्रीय नेता भी शामिल होंगी। उक्त बातें सरगुजा भ्रमण पर पहुंचे भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने सोमवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा पिछले चार वर्षों से प्रदेश में कांग्रेस की भूपेश सरकार ने ऐसी दुर्दशा कर रखी है, जिससे जनता काफी चिंतित व आक्रोशित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनका सरगुजा में पहला दौरा है। इसके पहले भी संगठनात्मक कार्यों से वे यहां आते रहे हैं। सरगुजा आते समय उन्होंने जगह-जगह लोगों में उत्साह देखा। राज्य भ्रष्टाचार, अपराध व माफियाओं का गढ़ बन चुका है। प्रदेश में विकास के सारे कार्य ठप पड़े हैं। गांव हो या शहर कहीं भी विकास कार्य नहीं हो रहा है। कांग्रेस सरकार ने हर वर्ग को ठगने का काम किया है। चुनाव के दौरान हाथ में गंगाजल लेकर खाई कसमें व जन घोषणा पत्र के वायदों में एक भी पूरा नहीं की है। अनुसूचित क्षेत्र के नौजवानों को रोजगार से वंचित करने का काम इस सरकार ने आरक्षण में कटौती के साथ किया है। यही नहीं सारी नियुक्तियों में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने रोक लगा दी है। ऐसे में युवाओं में सरकार को लेकर बड़ा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की जनता की आवाज बनेगी और सड़क से लेकर सदन तक सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ेगी। जनविरोधी सरकार से जनता को छुटकारा दिलाएंगे। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता ललन प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, संजय श्रीवास्तव, कमलभान सिंह, ज्योतिनंद दुबे, प्रबोध मिंज, अभिमन्यु गुप्ता, अखिलेश सोनी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।  
स्वास्थ्य व्यवस्था लचर
प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू ने स्वास्थ्य मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस शहर के विधायक स्वास्थ्य मंत्री हैं, वहां की स्वास्थ्य व्यवस्था की हालात ठीक नहीं है। प्रदेश के आदिवासी अंचल में लगातार बच्चों की मौतें हो रही है। राज्य में अराजकता का माहौल बना हुआ है।
2023 में खिलाएंगे कमल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू ने मिशन 2023 में कमल खिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता इस सरकार से छुटकारा चाह रही है। उन्होंने कहा हम छत्तीसगढ़ में 2023 में कमल खिला कर छत्तीसगढ़ को शांति का गढ़ बनाएंगे।

Categorized in: