निगम की कार्रवाई के दौरान पुलिस रही तैनात, घंटों लगा रहा जाम
अंबिकापुर। नगर निगम द्वारा चौपाटी का पुनर्निर्माण कारया जा रहा है। निर्माण के लिए अवैध ठेले और गुमटियों को हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जेसीबी की मदद से नगर निगम के कर्मचारियों ने गुरुवार व शुक्रवार को ठेले और गुमटियों को हटाने लगे, इसके बाद ठेला संचालक स्वयं नुकसान के भय से अपने ठेला, गुमटी को हटाने में भिड़ गए। निगम ने पहले ही ठेला संचालकों को कब्जा खाली करने का नोटिस दे दिया था। सड़क पर अवैध अतिक्रमण के कारण होने वाली जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
शुक्रवार को गुदरी बाजार रोड शिवाजी चौक, गुरुद्वारा चौक के आस-पास भी अतिक्रमण हटाए जाने की कार्रवाई की गई है। निगम की इस कार्रवाई से प्रभावितों में आक्रोश है। इनका कहना है कि त्योहार के सीजन में निगम द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने के नाम पर कार्रवाई से उन्हें आर्थिक नुकसान होगा। प्रभावितों ने महापौर मंजूषा भगत से त्योहार तक अतिक्रमण की कार्रवाई को रोकने की गुहार लगाई है। चौपाटी में 28 से अधिक टेला व गुमटी संचालित थे। प्रभावितों ने शुक्रवार की सुबह चौपाटी में महापौर मंजूषा भगत से मुलाकात की और कार्रवाई रोकने की मांग की। महापौर ने प्रभावितों को कहा कि यह कार्रवाई स्वच्छता के उद्देश्य से की जा रही है। अंबिकापुर शहर स्वच्छता में नंबर वन आया है, आगे भी बने रहने के लिए चौपाटी का पुर्ननिर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य में आप सभी का सहयोग आवश्यक है। इन्हें कहा गया कि फिलहाल वे पुराना बस स्टैंड में शिफ्ट होकर अपना व्यवसाय कर सकते हैं। इधर प्रभावितों का कहना है कि वहां व्यवसाय का संचालन करने से उन्हें किसी प्रकार का लाभ नहीं है।

Categorized in: