सरगुजा संभाग के पांचों जिले में धरना-प्रदर्शन व आंदोलन की रूपरेखा तय


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ अभिकर्ता उपभोक्ता सेवा संघ प्रदेश अध्यक्ष गगन कुमार के नेतृत्व में चिटफंड कंपनी से पैसा वापसी के लिए सरगुजा संभाग से बस्तर दंतेवाड़ा संभाग तक निवेशक-अभिकर्ता धरना, रैली का आयोजन करेगा। कांग्रेस ने सरकार बनने पर निवेशकों की पैसा वापसी का वादा किया था लेकिन तीन वर्ष बीत जाने पर भी एक-दो कंपनी के अलावा अन्य और कोई कंपनी की पैसा वापसी नहीं हुई है। वादा को याद दिलाने संघ ने अंबिकापुर से बस्तर, दंतेवाड़ा तक धरना, रैली आंदोलन करने का निर्णय लिया है। सर्वप्रथम सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिला में 18 अप्रैल को व कोरिया जिले में 19 अप्रैल, सूरजपुर जिला 20 अप्रैल, जशपुर जिला में 21 अप्रेल, अंबिकापुर में 22 अप्रैल 2022 को धरना-प्रदर्शन, आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद बस्तर संभाग के सभी जिले में आंदोलन कर रायपुर, दुर्ग बिलासपुर संभाग के जिलों में भी धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लेते हुए रणनीति बनाई गई है। कहा गया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से कंपनी में फंसे लोगों को विश्वास है कि उनके द्वारा निवेश किए गए रकम की वापसी होगी लेकिन तीन वर्ष बीत जाने पर भी निवेशक व अभिकर्ता हताश हैं, जिसके चलते इनमें भारी आक्रोश है। भूपेश सरकार द्वारा किए गए वायदे व चुनावी जनघोषणा पत्र के क्रमांक 34 में किए गए संकल्प को याद दिलाने व विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राष्टीय नेता राहुल गांधी की बस्तर संभाग में हुई आमसभा में किए गए वादे को याद दिलाने के लिए वादा निभाओ आंदोलन, संघ के बैनर तले करने का निर्णय लिया गया है। आंदोलन, धरना कर मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष कुंभकार ने निवेशकों से धरना, आंदोलन में उपस्थित होने की अपील की है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ की राजधानी में हुई बैठक में प्रदेश महासचिव नंद कुमार निषाद, प्रदेश सचिव ईश्वर पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश सारथी, कोरिया अध्यक्ष अनिल साहू, अंबिकापुर अध्यक्ष अजर राम चौधरी, जशपुर जिला अध्यक्ष निर्भय विश्वकर्मा, सूरजपुर अध्यक्ष अमरजीत रजवाड़े, सचिव कुंजल राजवाड़े, बलरामपुर अध्यक्ष नूर हसन अली, सुकमा अध्यक्ष वेट्टी देवा राम, प्रदेश महिला अध्यक्ष बेला तेलाम, जांजगीर चांपा के देव कुमार साहू के साथ सभी जिले के जिला व प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Categorized in: