बिश्रामपुर। ग्राम पंचायत तेलईकछार के शशिपुर में स्थित जय हनुमान राईस मिल में अज्ञात चोरों ने गोदाम के दीवार में सेंधमारी करके  चालीस क्विंटल से अधिक का धान पार कर दिया है। जब धान निकालने कर्मचारी ने गोदाम खोला तब देखा कि गोदाम के एक हिस्से की दीवार में सेंध मारी की गई है। जिसकी सूचना कर्मचारियों ने मिल मालिक को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंच स्टॉक मिलान में पाया गया कि करीब चालीस क्विंटल धान अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया है। चोरी गए धान की कीमत 70 हजार रुपए बताई जा रही है। मिल संचालक ने मामले की सूचना जयनगर पुलिस को लिखित में दी है। पुलिस ने मामले में अब तक किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं किया है। बताया जा रहा है कि जनवरी माह में भी अज्ञात लोगों ने इसी मिल के गोदाम के एक हिस्से से लगभग बीस-पच्चीस क्विंटल धान चुराया था, उक्त घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। जिसमें चोरों की पहचान होने के बाद उन्हें थाने में हिदायत देकर छोड़ दिया गया था, जिसमें व्यस्क व नाबालिग किशोर शामिल थे, लेकिन अब दूसरी बार सेंधमारी कर बड़ी मात्रा में धान चोरी होने पर पुलिस से कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पिछली बार जिन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया है उन्हीं लोगों ने फिर चोरी का साहस दिखाया है।

Categorized in: