रायगढ़ – एक शिक्षक की गर्भवती पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषपान कर दुनिया को अलविदा कह दिया। वहीं मां की कोख में पल रहे अजन्मे बच्चे का भी करुणान्त हो गया। यह दुखद मामला घरघोड़ा का है।

घटना की विवेचना कर रहे सहायक उपनिरीक्षक रामसजीवन वर्मा ने बताया कि घरघोड़ा के वार्ड नंबर 14 में रहने वाला सुखसिंह पैकरा शासकीय शिक्षक है।

उसकी 32 वर्षीया बीवी तिलो बाई के गर्भ में 9 महीने का शिशु पल रहा था और 27 फरवरी को डिलवरी डेथ थी। ऐसे में गर्भवती महिला की देखभाल के लिए उसकी बहन भी मायके से आई थी।

विगत शनिवार रात अपने पति और बहन के साथ खाना खाने के बाद तिलो बाई सो गई। देर रात तकरीबन पौने 12 बजे गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगडऩे पर सुखसिंह मोटर सायकिल से उसे नजदीकी सिविल हॉस्पिटल भी लेकर गया, जहां उपचार के दौरान उसकी जिंदगी खत्म हो गई। साथ ही उसके कोख में पल रहे अजन्मे बच्चे की भी सांसें थम गई।

महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई, इसलिए डॉक्टर्स को शक है कि उसने जहर सेवन कर अपनी जान गंवाई है। सच जानने के लिए पोस्टमार्टम भी कराया गया है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही सच का खुलासा हो पाएगा।

फिलहाल, अस्पताल के वार्ड ब्वॉय की तहरीर पर घरघोड़ा पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना में जुटी है।

Categorized in: