फोरेंसिक एक्सपर्ट और स्निफर डॉग के साथ पहुंची टीम ने घटनास्थल को खंगाला
अंबिकापुर। शहर में इन दिनों चोरी की वारदातों में वृद्धि हुई है। आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। सिलसिलेवार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच चोरों ने गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पॉस कॉलोनी के दो मकानों व एक दुकान में धावा बोलकर नकद रकम सहित करीब 20 लाख रुपये का जेवरात पार कर दिया। घटना की रिपोर्ट गांधीनगर थाना में दर्ज कराई गई है। घटना की सूचना मिलने पर फोरेंसिक एक्सपर्ट और स्निफर डॉग के साथ टीम मौके पर पहुंची। सीसीटीव्ही में चार संदिग्ध घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस अग्रिम जांच, विवेचना में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना अंतर्गत कोर्णाक रेसीडेंसी में होटल शैलगिरी के पीछे हाउस नंबर डब्ल्यू 31 में नान की पूर्व डिप्टी एजीएम ललिता बावरा पति स्व. राम कुमार बावरा 64 वर्ष अकेले रहती हैं, उनके पुत्र-पुत्री बाहर पढ़ते हैं। 23 जून को सुबह 8.30 बजे महिला घर में ताला बंद करके अपने ससुराल गांव लुड़ेग पत्थलगांव जिला जशपुर स्वयं के वाहन से गई थीं। 25 जून को अलसुबह 3.30 बजे कोर्णाक रेसीडेंसी में रहने वाले पड़ोसी ने ललिता बावरा को फोन करके बताया कि उनके घर का सिटकिनी टूटा हुआ है, और घर में चोरी हुई है। सूचना पाकर जब वे वापस अंबिकापुर स्थित अपने घर में आईं तो घर के मुख्य दरवाजा का सिटकिनी टूटा हुआ था। अंदर जाने पर घर का पूरा सामान बिखरा हुआ मिला। महिला जब अपने कमरे के पास गई तो वहां का भी सिटकिनी टूटा हुआ था। कमरे के अंदर जाने पर पूरा सामान बिखरा हुआ था। कमरे में अंदर कबड में रखे सोने के जेवरों में तीन चेन, 2 जोड़ी कंगन, एक कान का रिंग, दो कान का टप, 2 अंगूठी, चांदी का पायल, बिछिया, लॉकेट, चांदी का सिक्का, चेन एवं नकद 20 हजार रुपये अज्ञात चोरी करके ले गया था। आस-पास के लोगों को घटना की जानकारी देने के बीच पता चला कि कमरा नंबर ई-15 में रहने वाले सेंट्रल बैंक में मैनेजर रणधीर नयन के घर का ताला भी चोरों ने तोड़ा था, लेकिन उनका स्थानांतरण रांची हो जाने के कारण घर खाली था। पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीव्ही कैमरा में अज्ञात चोर की करतूत कैद हो गई है। चोरों के निशाने पर ताला बंद मकान थे। ऐसे मकानों की रेकी करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। महिला के घर से चोरी गए सामानों का पूरी तरह से मिलान नहीं हो पाया है। बड़ी चोरी की वारदात के बाद पुलिस सीसीटीव्ही में कैद हुए चोर के तलाश में जुट गई है।
फुुंदुरडिहारी चौक में दुकान से 90 हजार नकद व किराना सामान की चोरी
गांधीनगर थाना क्षेत्र के फुन्दुरडिहारी चौक में स्थित तिरूपति स्टोर्स के चैनल गेट का ताला तोड़कर चोर दराज में रखे 90 हजार रुपये और लगभग 15-20 हजार रुपये का किराना समान चोरी करके ले गए। दुकान संचालक कमलेश कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया है कि प्रथम मंजिल में उनका निवास है। 23 मई को प्रात: 5 बजे जब वे दुकान में गए तो चैनल गेट खुला था और ताला टूटा हुआ था। दुकान के अंदर का सामान बिखरा हुआ था। दुकान में लगे कैमरा को देखने पर 23 जून की रात 2.22 से 2.52 के बीच लगभग 20 वर्ष का एक लड़का चैनल गेट व दरवाजे को लोहे के रॉड से तोड़कर अंदर घुसते नजर आया, जो दराज में रखे 5, 10, 20, 50 एवं 100 रुपये के नोट व सिक्का, कुल 90 हजार रुपये एवं 5 पैकेट काजू, 2 चाकलेट का डिब्बा, सिगरेट, कोल्ड डिंऊक व अन्य सामान चोरी करके ले गया। रिपोर्ट पर पुलिस मामला दर्ज करके अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।
उदयपुर में स्टेशनरी दुकान को खंगाला चोरों ने
बस स्टैंड उदयपुर में स्थित विद्यादीप स्टेशनरी एवं किताब दुकान का दीवार क्षतिग्रस्त करके अंदर घुसे चोर ने क्रिकेट खेलने वाले बैट सहित करीब 20 हजार रुपये का स्टेशनरी सामान पार कर दिया। देवेन्द्र सिंह पिता स्व. जसवंत सिंह 60 ने उदयपुर थाने में लिखित आवेदन देकर बताया है कि प्रतिदिन की तरह 23 जून को रात 10 बजे दुकान बंद करके वह घर चले गया था। इसके बाद रात 11 बजे से 24 जून को अलसुबह 4 बजे के बीच अज्ञात चोर दुकान के दीवाल को क्षतिग्रस्त करके 10 नग क्रिकेट बैट कीमत करीब 15 हजार रुपये और 5 हजार रुपये का अन्य स्टेशनरी सामान चोरी कर लिया। आवेदन पर अपराध दर्ज करके पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: