0 नगर की शान दूल्ही तालाब के पास पसरे कचरे कर रहे शर्मशार

0नगरपालिका खेल के जरिये कर रही नगर को स्वच्छ………!

0लोग परेशान व आक्रोशित

चंचलेश श्रीवास्तव सूरजपुर। अभी जिला मुख्यालय में भी स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के तहत जोरशोर से ध्वनि विस्तारक यंत्रो के द्वारा जहां लोगो को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया जा रहा है। वहीं स्वच्छता कप क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर लोगो को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। मगर इन सब के बीच नगर पालिका खुद साफ सफाई को लेकर कितना गंभीर है। यह नगर की साफ सफाई व्यवस्था को देखकर समझा जा सकता है।अगर वास्तव में नगर पालिका शहर की साफ सफाई व्ययवस्था को लेकर गंभीर है तो नगर के लिए धरोहर कहे जाने वाले इस दूल्ही तालाब की यह दुर्दशा क्यो है….? नगर के वार्ड क्र 3 पंचमन्दिर पारा में स्थित नगर का सबसे पुराना दूल्ही तालाब धार्मिक आस्था के साथ साथ इन दिनों लोगो के आकर्षण का केंद्र भी है। बावजूद इसके नगर पालिका यहां पर स्वच्छता को लेकर कितना गम्भीर है इसका अंदाजे बयां करना तो मुश्किल है मगर यहां पहुंचने पर उसकी हकीकत खुद व खुद बयां हो जाती है। जगह-जगह गंदगी का ढेर है तो बच्चो के लिए बनाए गए मिनी पार्क के झूले बड़े-बड़े गाजर घास से घिरे हुए है। जिसमे बच्चो के घुसने का मतलब जान जोखिम में डालना है। फिर भी बच्चे जान जोखिम में डाल कर इसमें घुसते है। यह सब नगर पालिका को दिखाई नहीं पड़ता है। यही नही इस प्राकृतिक व धर्मिक तालाब को कुछ लोग कचरे का डब्बा बनाकर रख दिये है ,जो अपनी दुकानो व घर के कचरों को लाकर यहां फेककर जाते है तो कुछ लोग अपने घरों के जीर्णोद्वार पश्चात निकले मलवे को यहां डाल कर तालाब के अस्तित्व को मिटाने की साजिश कर रहे है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 की प्रतिस्पर्धा में नगर पालिका ने भी अपनी भागीदारी का दावा किया है और स्वच्छता रैकिंग में अव्वल स्थान हासिल करने का लक्ष्य है। बताया गया है जिसको लेकर कार्यक्रमो के माध्यम से शहर के लोगो को जागरूक करने के साथ स्वच्छ, सुंदर व स्वस्थ बनाने का बीड़ा जनभागीदारी के साथ उठाया गया है। इसको लेकर यहां स्वच्छता कप रात्रि कालीन क्रिकेट प्रतियोगिता भी चल रही है। जहां शामिल नगर के सभी वार्डो की टीमें स्वच्छता का संकल्प लेकर मैदान में उतरती है। अगर इस आयोजन के साथ ही नगर पालिका के वो जागरूक व कर्णधार जनप्रतिनिधि व कर्मचारी नगर की शान व धार्मिक आस्था के केंद्र दूल्ही तालाब में फैली गंदगी व कचरों की साफ सफाई के साथ स्वच्छता अभियान की शुरुआत करते तो नपा के साथ उन चंद गैर जिम्मेदार लोगों पर भी शायद कुछ असर पड़ता जो इस प्राकृतिक धरोहर को कचरे का डिब्बा बना रखे है और यहां बड़ी बेशर्मी से कचरा, गंदगी व घर का मलवा फेककर दूल्ही तालाब का अस्तित्व मिटाने की साजिश कर रहे है।

0 कमाई का जरिया बना तालाब

शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत इस तालाब में भी कई बार कार्य किये गए। कमाई का जरिया बन चुके इस तालाब में करोड़ो रूपये खर्च करने के बाद भी इसकी दशा में कोई सुधार हुआ हो, ऐसा प्रतीत नही होता। मगर जनप्रतिनिधियों व नपा अधिकारियों की अनदेखी व यूं कहें कि कमीशनखोरी के कारण यहां कराया गया कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया और ठेकेदारों की बल्ले बल्ले हो गई। अभी दो वर्ष पूर्व भी इस तालाब में 50 लाख से ऊपर खर्च कर सीढ़ी व घेराव आदि का कार्य किया गया। मगर गुणवत्ता का कितना ध्यान रखा गया इसका आंकलन अधिकारियों ने कैसे किया है। इसका अंदाजा बस यहां किये गए कार्यो की एक झलक देखने के बाद आसानी से लगाया जा सकता है। मगर यह सब अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को क्यो नही दिखाई दिया,,, इसका मतलब,,,, आप खुद समझ सकते है,,?

0 मछलियों को दाना देने की है परंपरा

दूल्ही तालाब में बड़ी संख्या में रंगीन व अन्य कई प्रजाति की मछलियां है, जो लोगो के लिए खास आकर्षण का केंद्र है। वर्षों से यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपनी धार्मिक आस्था का निर्वहन करते हुए मछलियों को दाना देने आते है। कोरोना संक्रमण काल मे लाकडाउन के समय तो यह तालाब शहर के लोगो के मनोरंजन व समय व्यतीत करने का अच्छा जरिया बन गया था। यहां सुबह से देर शाम तक लोग मछलियों को दाना डालने पहुंचते थे, जो आज भी बदस्तूर जारी है।

0 बन सकता है मनोरंजन का अच्छा साधन

नगर की शान कहे जाने वाले इस दूल्ही तालाब की ऒर अगर नगरपालिका व इसके जिम्मेदार जनप्रतिनिधी ध्यान दे तो यह नगर के लोगो के लिए मनोरंजन का एक अच्छा माध्यम बन सकता है। जरूरत है यहां साफ सफाई के साथ चारो ऒर विद्युत व्यवस्था की, अगर यह सब हो जाये तो यह नगर के लोगो के लिए फुर्सत के कुछ लम्हे बिताने का अच्छा स्थान बन सकता है।

0 की जाएगी कार्रवाई
दूल्ही तालाब में साफ सफाई के लिए परिषद की बैठक में चर्चा की गई है। जल्द ही वहां अभियान चलाया जाएगा। जहां तक उक्त स्थान पर कचरा व मलवा फेंकने की बात है तो ऐसे लोगो को चिन्हांकित किया जा रहा है। जल्द ही ऐसे लोगो पर जुर्माने की करवाई नगर पालिका द्वारा की जाएगी।
क्षितिज सिंह
प्रभारी सीएमओ
नपा सूरजपुर

Categorized in: