राजेन्द्र ठाकुर (राजू) बलरामपुर बलरामपुर। बलरामपुर जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक-7 में निवासरत अजय ठाकुर की 12 वर्षीय पुत्री कैंसर से पीडि़त है। बच्ची का इलाज स्वजन जमा पूंजी बेचकर कराना शुरू किए, फिर भी इलाज के दौरान आर्थिक समस्याएं खड़ी होने लगी। स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से बच्ची के इलाज के लिए चंदा जमा करने का कार्य प्रारंभ किया। अपील पर बड़ी संख्या में लोग खुलकर सामने आए और अपनी क्षमता के अनुरूप इशिका ठाकुर के इलाज के लिए सहयोग प्रदान किया। इसकी जानकारी मिलते ही बलरामपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने भी बच्ची के इलाज के लिए मदद करने का आश्वासन दिया। बलरामपुर कलेक्टर ने पहल करते हुए जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों से स्वेच्छा अनुरूप मदद की अपील की, जिस पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने बच्ची के इलाज के लिए सहयोग प्रदान किया। इलाज के लिए जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने बच्ची के पिता अजय ठाकुर को तीन लाख 26 हजार 900 रुपये सहायता राशि प्रदान किया और बीमार बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
स्वजनों ने कलेक्टर को दिया धन्यवाद
बच्ची के पिता अजय ठाकुर ने सहायता राशि प्राप्त करने के उपरांत जिला प्रशासन एवं बलरामपुर कलेक्टर का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से बलरामपुर जिले के कलेक्टर ने उनकी मदद की है, वे उनके लिए जीवन भर ऋणी रहेंगे। सहायता राशि मिलने के बाद बच्ची के माता-पिता के आंख आंसू से डबडबा गए। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे उनके साथ खड़े हैं। बच्ची जल्द स्वस्थ होकर लौटे, यही कामना करते हैं।
मुंबई के अस्पताल में चल रहा इलाज
कैंसर पीडि़त इशिका ठाकुर का इलाज वर्ष 2021 से टाटा मेमोरियल अस्पताल मुंबई में चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है ईलाज के लिए एक वर्ष और अस्पताल में रहना पड़ेगा। पीडि़ता के पिता ने अपने 12 वर्षीय पुत्री के लिए घर, मकान तक दांव पर लगा दिया है। थक-हारकर सैलून दुकान चलाकर घर-परिवार का भरण-पोषण करने वाले अजय ठाकुर ने जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नगर के लोगों से मदद की गुहार लगाई है।

Categorized in: