एनएसयूआई ने 12 करोड़ युवाओं को बेरोजगार करने का केंद्र सरकार पर लगाया आरोप

मनेंद्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा) । देश में किसानों के साथ हो रहे अन्याय, बढ़ती बेरोजगारी और महिलाओं के साथ हो रहे बलात्कार की घटनाओं को लेकर एनएसयूआई ने केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी विशाल चौधरी तथा एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में रविवार को विशाल जन अधिकार रैली निकाली ! जन अधिकार रैली लेदरी एसईसीएल गेस्ट हाउस के पास से प्रारंभ होकर झगड़ाखांड, मनेंद्रगढ़ शहर का भ्रमण करते हुए तहसील कार्यालय के पास पहुंचकर आम सभा के रूप में परिवर्तित हो गई ! आम सभा में एनएसयूआई के वक्ताओं तथा भिलाई महापौर व विधायक देवेंद्र यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए केंद्र की नीतियों को जनविरोधी किसान विरोधी बताया !

एनएसयूआई के तय कार्यक्रम के अनुसार नगर पंचायत नई लेदरी एसईसीएल गेस्ट हाउस के पास से विशाल ट्रैक्टर व बाइक रैली की शुरुआत हुई जो झगराखाण्ड से होते हुए मनेन्द्रगढ़ पहुंची जहां कई स्थानों पर स्वागत किया गया। तहसील कार्यालय के पास रैली पहुंचकर आम सभा में परिवर्तित हो गई ! आयोजित विशाल आमसभा में भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है।आज देश का किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो गया है।केंद्र की सरकार केवल अडानी और अम्बानी का हित साधने में व्यस्त है।आकाश शर्मा ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार आज किसानों के साथ खड़ी है। बात चाहे धान के समर्थन मूल्य की हो या नुक्सान होने पर मुआवजा देने की।प्रदेश में आज किसान कांग्रेस की सरकार से खुश है।केंद्र की भाजपा सरकार 1 वर्ष में दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन अपने 6 साल के कार्यकाल में 12 करोड़ युवाओं को बेरोजगार कर दिया !केंद्र की सरकार युवा विरोधी, जन विरोधी व किसान विरोधी हिटलर शाही सरकार है जिससे देश के युवा व किसान परेशान है ! आम सभा में आभार प्रदर्शन पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी ने किया !

जन अधिकार रैली व आम सभा के बाद स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के राष्ट्रीय महासचिव विशाल चौधरी ने भाजपा की सरकार और उनकी नीतियों पर जमकर भड़ास निकालते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के किसानों के बारे में नहीं सोच रही हैै। कोरोना काल में आपदा को अवसर बना लिया गया है। देश में बेरोजगारी और भुखमरी आज चरम पर है जिससे मोदी सरकार को कोई लेना देना नहीं साथ ही पूरे देश में बलात्कार जैसे संगीन अपराधों में वृद्धि हुई है जिसके कारण आज घर की महिलाओं को बाहर निकलने में भी डर लगने लगा है। पूरे देश की न्याय व्यवस्था चौपट हो गई है
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार केवल उद्योगपतियों की सरकार है ! आम गरीब जनता और बेरोजगारों से उन्हें कोई मतलब नहीं है और ना ही उनके विकास के लिए कोई चिंता है और ना ही उत्थान के लिए कोई योजना बनाई जा रही है।उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई घटना को लेकर भी उन्होंने तीखे स्वर में कहा कि योगी सरकार पहले तो पीड़िता को न्याय दिलाने में असफल रही और फिर बाद में साक्ष्य मिटाने के लिए पीड़िता के शव को 2:30 बजे रात में जला दिया गया ! पूरे देश में इस तरह के मामले विरले ही मिलते हैं जहां मृतका का अंतिम संस्कार भी परिजनों को नहीं करने दिया गया। पत्रकार वार्ता में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार एनएसयूआई बर्दाश्त नहीं करेगा चाहे देश में किसी की भी सरकार हो महिलाओं के अत्याचार के खिलाफ एनएसयूआई हमेशा खड़ा रहेगा ! उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार को जमकर कोसते हुए कटघरे में खड़ा किया !

इस अवसर पर पूर्व नपाध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, प्रदेश महासचिव एनएसयूआई नीरज पांडे, जिलाध्यक्ष स्वप्निल सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष राजा पांडेय, जिला महासचिव संतोष लाल, जिला प्रवक्ता रामायण तिवारी, जिला संयोजक मेहुल यादव, समेत सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र पाल मखीजा, जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री हारून मेमन, राम नरेश पटेल, जनपद अध्यक्ष डॉ विनय शंकर सिंह, सरपंच सिरौली अमोल सिंह, सरपंच परमेश्वर, अमर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ रफीक मेमन, युवा कांग्रेस रियाज खान, मकबूल, अध्यक्ष युवा कांग्रेस हफीज मेमन, पार्षद अजय जयसवाल, पूर्व पार्षद गोपाल गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मी दास, पूर्व पार्षद गुलाम हैदर, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शगुफ्ता बॉक्स, रुक्मणी खोबरागड़े, रमेश यादव, गफ्फार अली, घनश्याम, संतोष मांझी, अफाक अहमद, सोहेल,मेमन, घनश्याम बोदीया सहित काफी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे!

Categorized in: