अंबिकापुर। केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अंबिकापुर दौरा निरस्त होने के बाद 14 मई को अंबिकापुर में होने वाला ऑनलाइन कार्यक्रम भी निरस्त हो गया है। बताया जा रहा है कि केन्द्रीय रेल मंत्री 10 दिन बाद अंबिकापुर आएंगे। वे सरगुजा को रेलवे के क्षेत्र में कुछ बड़ी सौगातें दे सकते हैं। सौगातों में सर्वाधिक चर्चा अंबिकापुर से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन सुविधा की है, इसकी घोषणा रेल मंत्री कर सकते हैं। इसके अलावा कोल परिवहन के मद्देनजर एक नई रेल लाइन व अंबिकापुर से रेनुकूट रेल लाइन की स्वीकृति मिल सकती है। वहीं अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन को नागपुर तक चलाने की घोषणा के भी कयास लग रहे हैं। विदित हो कि गुरुवार को केंद्रीय रेल मंत्री के अंबिकापुर आगमन को लेकर बनी उहापोह की स्थिति पर विराम लगने के बाद वर्चुअल कार्यक्रम की तैयारियां रेलवे प्रशासन करने में जुट गया था। केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह भी तैयारियों का जायजा लेने रेलवे के अधिकारियों के साथ अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में बैठक की थीं। इसके बाद से ही रेल प्रशासन हरकत में आ गया था। अचानक गुरुवार की रात वर्चुअल कार्यक्रम निरस्त होने और दस दिन बाद
केंद्रीय रेल मंत्री के अंबिकापुर आने की सूचना से सारे मेहनत पर पानी फिर गया।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जल्द ही अंबिकापुर आएंगे-रेणुका
इस विषय में जानकारी देते हुए सांसद सरगुजा एवं केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने बताया कि 13 एवं 14 मई को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उड़ीसा एवं छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित था। छत्तीसगढ़ प्रदेश के अंबिकापुर में 14 मई को सरगुजा वासियों को विभिन्न सौगात देने वाले थे परंतु दिल्ली में अति आवश्यक बैठक के कारण यह दौरा स्थगित हुआ है। बहुत जल्द केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सरगुजा, अंबिकापुर दौरे पर आएंगे।

Categorized in: