बिश्रामपुर। ग्राम पंचायत कुरुवां हनुमान मंदिर के समीप कोयला लोड ट्रक चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दिया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को उपचार हेतु सूरजपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत कुरुवां निवासी बाइक चालक आदर्श पिता राम कुमार मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक में घर से निकला था। तभी डेडरी-बिश्रामपुर मार्ग पर ग्राम कुरुवां में गायत्री खदान से कोयला लोडकर बिश्रामपुर की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 5609 के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार को टक्कर मार दिया। दुर्घटना में बाइक सवार आदर्श के सीना, गर्दन, हाथ पैर में चोट आने पर आसपास के लोगों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर में लाकर भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। मामले में प्रार्थी रामकुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत जुर्मदर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया है।

Categorized in: