साल की दूसरी छमाही में कई बड़ी कंपनियों ने आईपीओ लॉन्च किए हैं। वहीं, कई कंपनी आईपीओ के जरिए शेयर बाजार में लिस्टिंग की योजना पर काम कर रही हैं। इसी कड़ी में भारत की ओला इलेक्ट्रिक ने भी अक्टूबर के अंत से पहले 700 मिलियन डॉलर तक के अपने आईपीओ के लिए सेबी के पास कागजात दाखिल करने की योजना बनाई है। इस ई-स्कूटर निर्माता कंपनी की योजना जल्द से जल्द शेयर बाजार में लिस्टिंग की है। बता दें कि सिंगापुर के टेमासेक और जापान के सॉफ्टबैंक सहित अन्य निवेशकों द्वारा समर्थित ओला इलेक्ट्रिक का हालिया फंड जुटाने में मूल्य 5.4 बिलियन डॉलर आंका गया था।

बाहरी सलाहकारों से मदद की मांग
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक ओला इलेक्ट्रिक के एक अधिकारी ने आईपीओ पर बाहरी सलाहकारों से ज्यादा मदद करने को कहा है। इसमें भारत की कोटक और आईसीआईसीआई की निवेश बैंकिंग इकाइयां शामिल हैं। इसके साथ ही बैंक ऑफ अमेरिका और गोल्डमैन सैक्स सहित विदेशी बैंक शामिल हैं। ओला इलेक्ट्रिक और कोटक की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, अन्य तीन बैंकों ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

सूत्रों ने कहा कि ओला के आईपीओ प्रोजेक्ट को आंतरिक रूप से “प्रोजेक्ट हिमालय” नाम दिया गया है। एक बार आईपीओ कागजात दाखिल हो जाने के बाद सेबी द्वारा उनकी समीक्षा की जाएगी। सूत्रों में से एक ने कहा कि ओला इलेक्ट्रिक जनवरी या फरवरी की शुरुआत में आईपीओ रोड शो का लक्ष्य बना रही है।

घाटे में है कंपनी: बता दें कि 30% हिस्सेदारी के साथ ई-स्कूटर में भारत की मार्केट लीडर कंपनी की स्थापना भाविश अग्रवाल ने की थी और इसकी लोकप्रियता में वृद्धि देखी गई है। ओला इलेक्ट्रिक अभी भी घाटे में है। मार्च 2023 को समाप्त वित्त वर्ष में 335 मिलियन डॉलर के राजस्व पर 136 मिलियन डॉलर का परिचालन घाटा दर्ज किया गया।

Categorized in: