धान विक्रय कर चुके किसानों का रकबा समर्पण अनिवार्य रूप  कराने के कड़े निर्देश दिए

सूरजपुर- शासन की महत्वपूर्ण धान खरीदी योजना के तहत किसानों के द्वारा  खरीदी केंद्रों में धान बिक्री लगातार की जा रही है।धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो इसके लिए जिला प्रशासन मुस्तैद है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज कलेक्टर सुश्री इफ्फत आरा तथा पुलिस अधिक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने धान खरीदी केंद्र प्रतापपुर ब्लॉक के रेवटी का निरीक्षण किया तथा वहां धान बेचने आए किसानों से कितने धान विक्रय कर चुके हैं की जानकारी किसानों से चर्चा कर ली। उन्होंने समिति प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारियों को धान विक्रय कर चुके किसानों का अनिवार्य रूप से रकबा समर्पण कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।
       कलेक्टर ने किसानों से बोए गए फसल की मात्रा,समर्थन मूल्य के तहत मिलने वाली राशि के संबंध में चर्चा की तथा पूछा कि धान बिक्री करने का उनका अनुभव कैसा रहा,उनको धान बिक्री में कोई समस्या तो नहीं आ रही है जिस पर किसानों ने समिति में समय पर टोकन मिल जाने और समय पर धान तौल हो जाता है बताया। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा किसानों को धान बिक्री की राशि के  समय पर भुगतान मिलने के संबंध में भी किसानों से जानकारी प्राप्त की गई। कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को किसानों से सहमति लेकर रकबा समर्पण कार्य में प्रगति लाने के भी निर्देश दिए।
   कलेक्टर ने आद्रता मापी यंत्र से धान की गुणवत्ता, धान का वजन  का भी अवलोकन किया। उन्होंने समिति प्रबंधक को सही तौल में  धान लेने के निर्देश दिए तथा बिना  टोकन के धान खरीदी केंद्र में प्रवेश ना करने के निर्देश दिए।  
        इस दौरान एसडीएम श्रीमती दीपिका नेताम, तहसीलदार श्री राधेश्याम तिर्की, एसडीओपी श्री अमोलक सिंह, सीईओ जनपद पंचायत मोहम्मद निजामुद्दीन, एवं अन्य  अधिकारी उपस्थित रहे।

Categorized in: