जरही। एसईसीएल महान-1 के ओसीएम बंद खदान अंतर्गत वर्कशॉप स्टोर में ड्यूटी के दौरान हरगोविन्द सिंह पर किए गए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी को भटगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। सुरक्षा प्रभारी शंभूनाथ सिंह ने थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 दिसंबर की रात्रि ओसीएम बंद खदान के वर्कशॉप स्टोर में हरगोविन्द सिंह व संतोष की ड्यूटी लगी थी। रात्रि करीब 1.30 बजे हल्ला होने पर ओमकार सिंह के साथ गए तो हरगोविन्द के सिर में चोट लगा था, जिससे खून निकल रहा था। पूछने पर हरगोविन्द ने अज्ञात चोरों के द्वारा पत्थर फेंककर मारने और नहीं हटने पर पप्पू निशाद के द्वारा डंडे से मारपीट कर चोट पहुंचाना बताया। रिपोर्ट पर थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 245/22 धारा 307, 457, 294, 506, 336, 323, 34 भादसं पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद पुलिस ने पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, फरार आरोपियों की पतासाजी कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर रामकृष्ण साहू ने मामले में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी करते हुए इनकी शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश थाना प्रभारी भटगांव शरद चन्द्रा को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना भटगांव की पुलिस आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर घटना के मुख्य आरोपी पप्पू निशाद पिता श्याम सुंदर निशाद 35 वर्ष निवासी बाजारपारा, थाना भटगांव को घेराबंदी कर शनिवार को पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव शरद चंद्रा, प्रशिक्षु डीएसपी दीपमाला कुर्रे, एसआइ सीपी तिवारी, बृजमोहन गुप्ता, प्रधान आरक्षक संजय चौहान, पूरन राजवाड़े, आरक्षक ताराचंद यादव, शैलेश राजवाड़े, प्रहलाद पैकरा, गिरजा शंकर, रजनीश पटेल, प्रकाश साहू, मनोज जायसवाल, संतोष जायसवाल व भुनेश्वर पाटले सक्रिय रहे।

Categorized in: