अंबिकापुर। शहर में पहला कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद प्रशासन ने मोमिनपुरा को हाई अलर्ट पर रखते हुए उसे कंटेनमेट जोन घोषित किया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर पूरे मोमिनपुरा क्षेत्र को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही आस पास के रहने वालों के बारे में लगातार मेडिकल व प्रशासनिक टीम जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव महिला के घर के आसपास रहने वाले ५८ लोगों का आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया है।कोरोना संक्रमण का पहला मरीज मिलने के बाद प्रशासन में हडक़ंप मचा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निगम अमले की एक टीम भी कंटेनमेंट जोन में लगाई गई है। इनके साथ डॉक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद है। कंटेनमेंट जोन पर जिस तरीके से कर्मचारियों का आना-जाना है उन्हें भी संक्रमण का खतरा सता रहा है, लेकिन वे खुद पर खतरा लेकर लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। टीम इस जोन में सभी से उनका हालचाल पूछ रहे हैं और साथ ही उनके संक्रमण होने की जांच भी कर रहे हैं। इस दौरान कोरोना पॉजिटिव महिला के मोहल्ले में आरटी पीसीआर टेस्ट भी किए जा रहे हैं। डॉ. अमीन फिरदौसी ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव महिला के घर के आसपास रहने वाले कुल ५८ लोगों का मंगलवार को आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया है। वहीं सोमवार को ६० लोगों का रैपिड टेस्ट हुआ है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने भी निर्देश दिए हैं कि उक्त क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जाए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सघन जांच में जुट गई है। सर्विलांस टीम को मोमिनपुरा के १ किमी तक रहने वालों की जानकारी एकत्रित करनी है। इसके साथ ही उनकी ट्रैवल हिस्ट्री भी एकत्रित करनी है। टीम द्वारा घर-घर जाकर लोगों की विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है।

Categorized in: