कलेक्टर-एसपी ने मतदान संपन्न कराकर लौटेे दल का स्वागत गुलाब फूल देकर किया
छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। सरगुजा संसदीय क्षेत्र में शाम 5 बजे तक की स्थिति में सरगुजा लोकसभा क्षेत्र में वोटिंग लगभग 80 प्रतिशत रहा। सरगुजा जिले की तीनों विधानसभा में शाम पांच बजे तक 70 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग हो चुकी थी। तत्समय तक विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 09 लुण्ड्रा में 75.62 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अंबिकापुर में 70.46 प्रतिशत वोटिंग और विधानसभा क्षेत्र 11 सीतापुर में 71.93 प्रतिशत वोटिंग हुई है। मतदान के प्रतिशत का अंतिम आंकलन फिलहाल नहीं हो पाया है।
मतदान संपन्न कराकर मतदान दलों के वापस आने का सिलसिला देर रात तक चलते रहा। लुण्ड्रा से प्राथमिक शाला रामनगर 31 मतदान दल ने सबसे पहले पॉलीटेक्निक कॉलेज अंबिकापुर परिसर में सकुशल वापसी की। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोसकर, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक, सीईओ जिला पंचायत नूतन कंवर ने सर्वप्रथम लौटे मतदान दल का गुलाब का फूल देकर स्वागत किया और निष्ठा के साथ कर्तव्य निर्वहन पर सराहना की और बधाई दी। बता दें मतदान दिवस को ऐतिहासिक बनाने जिला प्रशासन आचार संहिता लगने के बाद से ही तैयारियों में जुट गया था। मतदाताओं को भी जैसे सात मई की सुबह पौ फटने का इंतजार रहा। मतदान केंद्रों का पट नहीं खुला, मतदाता पहचान पत्र के साथ अपना अमूल्य मत देने के लिए युवा, वृद्ध महिला-पुरूष बेताब नजर आ रहे थे। इधर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोसकर मतदान शुरू होते ही मतदान केंद्रों का जायजा लेने निकल लिए थे। वे मतदान केंद्रों में जाकर मतदाताओं की मदद के लिए की गई व्यवस्थाओं का फीडबैक लिए। मतदान केंद्र में पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों से कलेक्टर आत्मीयता पूर्वक मुलाकात किए। मतदाताओं ने अच्छी व्यवस्था के लिए प्रशासन के पहल की सराहना की। लोकतंत्र इस पर्व का हिस्सा बनने महिला, युवा, बुजुर्ग, दिव्यांग, थर्ड जेंडर सभी वर्ग मतदाताओं में जोश और उत्साह देखने मिला। निर्वाचन के दिन मतदान केन्द्रों में त्योहार की तरह रौनक दिखी। लोग अपने परिवार, पड़ोसियों, दोस्तों के साथ खुशी-खुशी मतदान केन्द्र तक आते दिखे। पीवीटीजी समुदाय के मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर कर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेकर मतदान किया।
पहली बार वोट देने पहुंचे युवाओं में दिखा अभूतपूर्व उत्साह
वोट डालकर लोकतंत्र का हिस्सा बनने युवाओं में अलग ही जोश देखने मिला। लाइन में खड़े होकर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं ने बेसब्री के साथ अपनी पारी का इंतजार किया और वोट डालकर अपना कर्तव्य निभाया, यही नहीं मतदान को लेकर अपने अनुभव को भी साझा किया। फर्स्ट टाइम वोटर इशिका ने मतदान केंद्र 73, मल्टीपरपज स्कूल में अपना पहला वोट डाला। इशिका ने मतदान केंद्र व्यवस्था की सराहना की और कहा कि हमें वोटिंग का अधिकार दिया गया, जिससे हम अपने प्रतिनिधि को चुन सकते हैं। बालक प्राथमिक शाला बतौली मतदान केंद्र क्रमांक 43 में वोट डालने आए बीएससी प्रथम वर्ष में अध्ययनरत श्रेयांश गुप्ता एवं 12वीं के छात्र सारांश गुप्ता ने पहली बार वोट डाला। उंगली पर लगी नीली स्याही दिखाते हुए दोनों ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज हमने फर्स्ट टाइम वोट डाला है, ये अनुभव उनके लिए बहुत ही अच्छा रहा। मतदान केंद्र की व्यवस्था के विषय में बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां व्यवस्था अच्छी है, ज़्यादा देर लाइन में नहीं लगना पड़ा। हमारे लिए सेल्फी बूथ भी बना हुआ है। 18 वर्ष की युवा मतदाता दीपिका सोनी ने बताया कि मैंने विधानसभा निर्वाचन में पहली बार वोट डाला, आज यहां लोकसभा निर्वाचन में दूसरी बार वोट डालने का मौका मिला है। यहां व्यवस्था बहुत अच्छी है, फोटो लेने के लिए सेल्फी बूथ बना हुआ है, मैंने भी वोट डालकर सेल्फी ली है।
वरिष्ठ मतदाता भी पूरे जोश के साथ किए मतदान
वोट देने ठनगनपारा मतदान केंद्र पहुंचे 73 वर्षीय लक्ष्मीचंद केडिया, वरिष्ठ नागरिक ने मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व पर अपनी सहभागिता निभाई। मतदान केंद्रों की व्यवस्था पर संतोष जताया। गर्व से मतदान की नीली स्याही दिखाते 87 वर्षीय छेदीलाल गुप्ता, जिन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 58 नगर पालिका निगम स्कूल में मतदान किया है। इस उम्र में मतदान को लेकर इनका उत्साह देखने लायक रहा। 85 वर्ष की वरिष्ठ मतदाता कुंती देवी ने भी मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाया।
सास-बहू और बेटी, देवरानी-जेठानी पहुंची वोट देने
लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेने तीन पीढ़ी की सास सुमित्रा, बहू सावित्री और बेटी शीतल मतदान केंद्र पहुंची और मतदान किया। ऐसा उत्साह बतौली के एक परिवार में देखने को मिला। परिवार की सभी महिलाएं एक साथ वोट देने मतदान केंद्र पहुंची। श्रीराम परिवार की सास-बहू, देवरानी-जेठानी सभी ने बालक प्राथमिक शाला बतौली मतदान केंद्र क्रमांक 43 में वोट डालकर लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लिया। परिवार की एक सदस्य ने बताया कि आज हम सब यहां वोट देने आए हैं, हमारे साथ हमारे बच्चों ने भी वोट दिया। हमें बहुत खुशी है कि हम सब ने भी एक साथ मतदान किया है। मतदान केंद्र की व्यवस्था को उन्होंने सराहा।
थर्ड जेंडर समुदाय ने भी किया मताधिकार का प्रयोग
सरगुजा जिले के थर्ड जेंडर समुदाय ने भी मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला स्वीप आइकॉन थर्ड जेंडर तमन्ना जायसवाल ने मतदान कर मतदाताओं को मतदान करने प्रेरित किया। उन्होंने कहा मतदान करना हमारा अधिकार है, सभी को मतदान में भागीदार होना चाहिए।
नवविवाहित जोड़ा पहुंचा वोट देने
विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत भरतपुर का नवविवाहित जोड़ा रामेश्वर राजवाड़े एवं गणेश्वरी राजवाड़े ने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया।
मतदान केंद्रों में की गई थी ये व्यवस्थाएं
मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों में आवश्यकता व्यवस्थाएं की गई थी। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल, शरबत, शेड की व्यवस्था की गई थी। मेडिकल सुविधा के लिए, ओआरएस कॉर्नर बनाया गया था और मेडिकल टीम की ड्यूटी भी लगाई गई थी, जिसमें मतदाताओं का ब्लडप्रेशर जांच किया गया और आवश्यक दवाइयां दी गई। वोट डालने आए बुजुर्ग, दिव्यांग एवं गर्भवती महिलाओं को मतदान हेतु प्राथमिकता दी गई। वहीं आदर्श मतदान केंद्रों में की गई विशेष साज-सज्जा आकर्षण का केंद्र बने रहे। केन्द्रों में बनाए गए सेल्फी जोन में मतदाताओं ने फोटो लेकर वोट डालने की अपनी खुशी जाहिर की।

Categorized in: