अब तक 76 गाड़ियों का 46 लाख 50 हजार रुपये का साइलेंसर किए चोरी

गिरजाठाकुर


अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में मारूति इको वाहन को निशाना बनाकर उसका साइलेंसर चुराने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को कोरिया जिले की मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार गाड़ियों के साइलेंसर सहित चोरी में प्रयुक्त होने वाले औजार तथा एक बाइक को भी जप्त किया है।
ज्ञात हो कि लगभग सालभर से सरगुजा संभाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मारूति इको कार के साईलेंसर चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं मगर कहीं से भी पुलिस को चोरों का सुराग नहीं मिल रहा था। प्रकरण का खुलासा करते हुए आज पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने बताया कि पिछले दिनों कोरिया जिले के थाना मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र अंतर्गत एक ही रात में चार इको कार के साइलेंसर चोरी हो जाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल ही मनेन्द्रगढ़ से सभी दिशाओं में टीम रवाना की गई। रात्रि एक टीम द्वारा सिद्ध बाबा घाट के नीचे तीन व्यक्ति बैठे मिले जिन्हें थाना तलब कर पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम नीरल किन्ही, अंजीत खाखा, आशीष किन्डो बताया। उनके पास बैग की तालाशी लेने पर उनके बैग में 04 नग मारुती इको कार का साइलेंसर का टुकड़ा मिला, विस्तृत पूछताछ करने पर उन्होने सब्जी मंडी, मौहारपारा, चनवारीडांड से कुल 04 नग साइलेंसर काट कर चोरी करना कबूला तथा उसमें से 02 नग साइलेंसर को सिद्ध बाबा घाटी मे छुपाना बताया, जिसे आरोपीयों की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया। पुलिस ने उनके दो साथियों थॉमस किण्डो पिता शिवनाथ किण्डो निवासी भटगांव जिला सूरजपुर तथा प्रकाश मसीह पिता शंकरलाल मसीह को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा मनेन्द्रगढ़ एसडीओपी के नेतृत्व में टीम गठित कर पूछताछ की गई, जिस पर आरोपियों ने बताया कि उन्होनें अम्बिकापुर, सूरजपुर, बलरामपुर में भी अपने साथियों के साथ मिलकर अब तक कुल 76 गाड़ियों से साईलेंसर चोरी की है। आगे पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किये गये साईलेंसर को रायगढ़ के एक कबाड़ी को 4000 रूपये प्रति नग के हिसाब से बेच दिया करते थे। चोरी के साईलेंसर को कबाड़ व्यवसायी तक पहुंचाने में उनके और भी साथी सक्रिय हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी के मामलो मे रिपोर्ट की जानकारी नहीं है, गैंग बड़े स्तर का है। ग्रामीण इलाको मे भी चोरी करने की बात सामने आई है, चूंकि गैंग के चोरी का दायरा बडा था, इसलिए अन्य जगहों में रिपोर्ट नहीं हुई होंगी, पकडे गये आरोपियों के आलावा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी टीमें रवाना की गई है।
सम्पूर्ण कार्यवाही में कमलाकांत शुक्ला थाना प्रभारी चिरमिरी, सचिन सिंह थाना प्रभारी मनेन्द्रगढ़, सहायक उप निरीक्षक आरएन गुप्ता, प्रधान आरक्षक इश्तेयाक खान, आरक्षक जितेन्द्र ठाकुर, प्रमोद यादव, राकेश शर्मा, शस्नू यादव, हाफिज कुरैशी, सोनल पाण्डेय, विनित सोनी, ओमप्रकाश सिंह सक्रिय रहे।
चोरों को पकड़ने वाले टीम को आईजी करेंगे पुरस्कृत
साइलेंसर चोर गिरोह को पकड़ने में सक्रिय टीम की प्रशंसा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव द्वारा 25 हजार रूपये नगद इनाम देने की घोषणा की है।

Categorized in: