सरगुजा संभाग के गांव-गांव तक यात्रा को पहुंचाने का लक्ष्य-उदय पण्डो  

रामानुजगंज। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम महादेवपुर में विशाल पंडो के नेतृत्व में आदिवासी महासम्मेलन आयोजित किया गया था। पंडो जनजाति के लोगों ने इस मौके पर परंपरागत रिवाज के अनुसार अपने अराध्य देवी-देवताओं का पूजा-पाठ कर करमा नृत्य, देवी-देवताओं के भजन की प्रस्तुती दी। पण्डो जनजाति का जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से मूलभूत सुविधाओं से वंचित होने के संबंध में चर्चा कर इन समस्याओं से निजात पाने के लिए शासन के समक्ष अपनी बातों को रखने का प्रस्ताव बनाया गया। महासम्मेलन में पण्डो समाज के लोग तीर-धनुष, बलुआ सहित अपनी परंपरा का पहचान लेकर पहुंचे। पहले दिन ही 10 हजार से अधिक लोगों की महासम्मेलन में देखने को मिली। समाज के लोगों ने महादेवपुर, ब्राहनगर, डिंडो बाजार में पैदल मार्च किया। सर्व आदिवासी समाज के द्वारा बाइक एवं पैदल रैली भी निकाली गई। इस संबंध में बीते 12 अक्टूबर को सरगुजा संभाग के आयुक्त के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम आरक्षण बचाओ यात्रा एवं जन जागरूकता कार्यक्रम आरंभ करने की सूचना दी गई थी।
सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष उदय पण्डो ने समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में अनुसूचित जनजातियों का आरक्षण 32 प्रतिशत से घटाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे हमें कई परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। वर्तमान में सरगुजा और बस्तर संभाग आदिवासी बहुल क्षेत्र है। समाज के लोगों की शैक्षणिक स्थिति भी बेहतर नहीं है।  शिक्षा के स्तर में कमी के कारण कुपोषण, अंधविश्वास जैसी परिस्थितियां आए दिन सामने आती हैं। यदि राज्य सरकार सरगुजा एवं बस्तर संभाग में होने वाली भर्ती में 100 प्रतिशत आरक्षण को यथावत नहीं करती है तो सर्व आदिवासी समाज इस यात्रा को गांव के जन-जन तक पहुंचाएगा। पण्डो समाज के प्रांतीय सचिव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा एक तरफ हम अपने वजूद को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं दूसरी तरफ हमारे अधिकारों को हनन हो रहा है। आदिवासी समाज युवा प्रभाग के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने युवाओं से अपील की, जब तक आरक्षण को यथावत नहीं किया जाता है तब तक बलरामपुर जिले के समस्त ग्रामों में यात्रा को पहुंचाना है। हम 32 प्रतिशत आरक्षण के अधिकार को लेने तक चैन से नहीं बैठेंगे। इस दौरान सर्व आदिवासी समाज जिला इकाई बलरामपुर के जिला अध्यक्ष राजकुमार मुर्मू, राजेंद्र सिंह, विनय सिंह, बंधु मरकाम, हंसराज नेताम, अमावस सिंह, रामाशंकर सिंह, चंद्रशेखर, नंदकेश्वर पण्डो, राजेंद्र पण्डो, मनोज सिंह, देवनारायण पण्डो, ध्रुव कुमार, मिखाईल एक्का सहित काफी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे।

Categorized in: