झाड़ोल- जमीन विवाद और आपसी रंजिश में दो लोगों ने एक दूसरे पर हमला करके एक-दूसरे की जान ले ली। यह घटना मगवास थाना क्षेत्र के ढिकलिया गांव की है। पुलिस ने बताया कि आपसी विवाद में जीजा-साला में झगड़ा हुआ। हमले के बाद दोनों की मौत हो गई। झगड़े की वजह जमीन विवाद सामने आया है।
छुरा घोंप दिया


पुलिस ने बताया कि मगवास क्षेत्र के बाड़ी मगरी निवासी डाडमचंद (40) पुत्र लखमा कसोटिया और ढिकलिया निवासी सूरज (20) पुत्र जालमा भगोरा की मौत हो गई। दोनों रिश्ते में जीजा-साला हैं। डाडमचंद कसोटिया ढिकलिया में अपने ससुराल के खेत पर चारा काट रहा था। इस दौरान काका ससुर का लड़का सूरज आया और डाडमचंद को छुरा घोंप दिया।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
इसके बाद भी दोनों काफी देर तक गुत्थमगुत्था होते रहे। जैसे-तैसे दोनों अलग हुए तो लोगों ने डाडमचंद को एम्बुलेंस से झाड़ोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पर थानाधिकारी श्रवण जोशी मौके पर पहुंचे। मृतक के साला सूरज भी घटनास्थल के कुछ दूरी पर मृत पड़ा मिला। पुलिस ने उसका शव भी मुर्दाघर पहुंचाया।
आपसी रंजिश में दोनों की गई जान
मिली जानकारी के अनुसार डाडमचंद के ससुराल में कोई वारिस नहीं है। ऐसे में ससुराल के खेत की देखरेख वही कर रहा था। इधर, जमीन पर अपना हक जताने को लेकर काका ससुर का लड़का सूरज रंजिश पाले हुए था। माना जा रहा है कि इसी वजह से सूरज ने हमला किया और आपसी झगड़े में दोनों की जान चली गई।

Categorized in: