, घर में घुसकर छेड़छाड़ व लूट का प्रयास करते पुलिस ने दबोच


अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस ने आदतन चोर व निगरानीशुदा बदमाश को बुधवार की रात को घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ व लूट का प्रयास करते समय मिली सूचना पर मौके पर पहुंच कर दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी का सांकेतिक जुलूस निकालने के बाद उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। आरोपित की जेवरात चोरी सहित अन्य मामलों में कई दिनों से पुलिस को तलाश थी।
कोतवाली थाना क्षेत्र की एक महिला ने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराया कि खूजरपारा का मनोज लोहार नशे की हालत में उसके घर में जबरन घुसकर छेड़छाड़ करने लगा और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए घर से बाहर निकल गया। वह घर के बाहर खड़े नीरज मालाकार को घटना की जानकारी दी, जिससे उत्तेजित होकर आरोपी मनोज लोहार गाली-गलौज करते हुए उन्हें भी जान से मारने की धमकी देने लगा और मारपीट कर पांच सौ रुपये लूटकर मौके से फरार हो गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में आरोपी मनोज लोहार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ब्रम्हपारा इलाके की घेराबंदी की और उसे खजूरपारा से गिरफ्तार कर थाने लाई। पूछताछ में आरोपी ने महिला से छेड़छाड़ व मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया मनोज लोहार पिता राघव प्रसाद विश्वकर्मा 36 वर्ष निवासी ब्रह्मपारा, चंबोथी तालाब के पास आदतन चोर एवं शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना कोतवाली में पूर्व में कई प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई में प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक रूपेश नारंग, उप निरीक्षक डाकेश्वर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक संजय श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक अजय पांडेय, आरक्षक इदरिश खान, धीरज सिंह, कुंदन सिंह, शिव राजवाड़े शामिल रहे।
चोरी में संलिप्तता स्वीकारा आरोपी
पूछताछ के दौरान कोतवाली थाना में दर्ज केनाबांध बौरीपारा के चोरी प्रकरण में मनोज लोहार ने एक अन्य आरोपी रुपसाय उर्फ गोधु बरगाह के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। चोरी के इस प्रकरण में एक आरोपी रुपसाय उर्फ गोधु बरगाह की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सोने का जेवरात बरामद कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। आरोपी मनोज लोहार ने चोरी की नगद रकम खाने-पीने में खर्च होना बताया।

Categorized in: