पटना- अग्निशमन एवं होमगार्ड सर्विसेज की डीजी शोभा ओहटकर पर गाली देने का आरोप लगाने वाला ट्वीट करने के बाद विवादों में आए आइजी विकास वैभव ने शनिवार को एक और ट्वीट किया। हर दिन की तरह इस बार भी उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक पोस्ट करते हुए उसका हिंदी में अर्थ समझाया।

विकास वैभव ने ट्वीट किया- ‘एक मूर्ख के पांच लक्षण होते हैं- घमंड, दुष्ट वार्तालाप, क्रोध, जिद्दी तर्क और अन्य लोगों के लिए सम्मान में कमी।’ उनके इस पोस्ट को भी डीजी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी ट्वीट पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि अफसरों का काम ट्वीट करना नहीं है। इस मामले में जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

सोमवार को दे सकते हैं स्पष्टीकरण पर जवाब
आइजी विकास वैभव को विवादित ट्वीट मामले में डीजी शोभा ओहटकर नोटिस दे चुकी हैं। नौ फरवरी को जारी नोटिस में उनसे 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा गया था। मगर छुट्टी पर होने के कारण उनका जवाब अभी नहीं मिल सका है।

विकास वैभव पहले से स्वीकृत छुट्टी पर पारिवारिक समारोह में भाग लेने के लिए सिलीगुड़ी गए हुए हैं। इस कार्यक्रम की तस्वीर भी उन्होंने फेसबुक के साथ ट्विटर पर शेयर की है। वह रविवार तक पटना लौटेंगे। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आइजी सोमवार को स्पष्टीकरण का जवाब दे सकते हैं।

इससे पहले आइजी विकास वैभव ने शुक्रवार की सुबह एक ट्वीट किया था। संस्कृत में श्लोक लिखने के बाद उन्होंने उसका अर्थ लिखा- ”कभी-कभी सर्प भी मित्र बन सकता है, किंतु दुष्ट को कभी मित्र नहीं बनाया जा सकता। शेषनाग पर शयन करने वाले हरि का भी दुर्योधन मित्र न बन सका।” विकास वैभव हर दिन अपने ट्विटर हैंडल से संस्कृत के श्लोक का अर्थ बताते हुए ट्वीट करते हैं।

Categorized in: