करंजी पुलिस चला रही क्षेत्र में मुहिम, हो रही प्रशंसा

दतिमा मोड़- महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग ने अभिव्यक्ति ऐप जारी किया है। इस ऐप से महिलाओं-छात्राओ को तत्काल सहायता मिलेगी। ऐप एसओएस फीचर या पैनिक बटन से लैस है, बटन दबाते ही यूजर के पास तुरंत पुलिस सहायता पहुंचेगी। अभिव्यक्ति ऐप के जरिए पुलिस के पास महिलाएं कहीं से भी शिकायत दर्ज करा सकेंगी। सूरजपुर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं सीएसपी जेपी भारतेंदु के मार्गदर्शन में करंजी चौकी प्रभारी संजय गोस्वामी के नेतृत्व में लगातार बालिकाओं को “अभिव्यक्ति एप” के संबंध में प्रचार-प्रसार कर जागरूक किया जा रहा है। महिला अपराध की रोकथाम को लेकर करंजी पुलिस टीम द्वारा स्कूल, कॉलेज, संस्था, शासकीय कार्यालयों में जागरूकता अभियान चला रही है।

इसी परिपेक्ष में करंजी पुलिस के द्वारा हाईस्कूल करंजी, हाईस्कूल बतरा व स्वामी आत्मानंद स्कूल, हाईस्कूल खोपा, हाईस्कूल दतिमा, हाईस्कूल राई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बतरा में पुलिस के द्वारा अभिव्यक्ति ऐप इस्तेमाल करने के बारे में छात्राओं व महिलाओं को सतर्कता संबंधी जानकारी दी गई। पुलिस सहायता के नियम संबंधी पॉम्पलेट भी बांटा जा रहा है, ताकि उन्हें कानून की जानकारी हो सके। करंजी चौकी प्रभारी संजय गोस्वामी ने उपस्थित शिक्षिकाओं व छात्राओं को बताया कि इस एप के इस्तमाल के लिए सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा एप डाउनलोड करना है। इसमें उन्हें साइन इन करना है, अपना मोबाइल नंबर डालना है, ओटीपी आएगा उसे एप में डालना है, केवायसी अपडेट करना है, जिसके बाद महिलाएं कभी भी इस एप के माध्यम से अपनी शिकायत अपलोड कर तुरंत पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकती है। और मौके पर भी कई बच्चों व शिक्षिकाओं व स्वास्थ्य कर्मियों को मोबाइल के माध्यम से ऐप डाउनलोड कराकर नियम को बताया गया। उन्होंने बताया कि इस एप में महिला सुरक्षा से जुड़े कई अहम जानकारियां मौजूद है जिसे जरूर अध्ययन करें। सदैव जागरूक रहने और घटना घटित होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने अपील किया। प्रधान आरक्षक विकास सिंह ने छात्राओं को यातायात नियमों और बाल सुरक्षा और पास्को एक्ट सहित अनेक जानकारी देते हुए बताया की किसी भी घटना दुर्घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने, सड़क पर चलते हुए किसी दुर्घटना पर बिना धैर्य खोए स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देने, किसी भी तरह की कोई परेशानी होती हैं तो पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी, बिना ड्राइविंग लाइसेंस बनाए वाहन न चलाने आदि कई जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्य रूप से उपस्थित एएसआई मनोज द्विवेदी प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह सुनील भारती आरक्षक दीपक किस्पोट्टा, भोला केरकेट्टा, सीपी पाल, राजीव तिवारी, कृष्णकांत पांडे, इमराम खान, जितेंद्र सिंह, मनोज सिंदार, लालमन राजवाडे व अन्य उपस्थित थे।