अम्बिकापुर – अभिभावक संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ऑनलाइन क्लास के दौरान आने वाली कठिनाइयों से सरगुजा कलेक्टर को अवगत कराते हुए इसे तत्काल बंद कराने की मांग की है

कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में अभिभावक संघ के अध्यक्ष निलेश सिंह ने कहा है कि शहर के कुछ स्कूलों द्वारा ऑनलाइन क्लास जूम एप के द्वारा चल रही है और कुछ स्कूलों में चलाने की तैयारी है, जबकि भारत सरकार द्वारा इस ऐप को प्रतिबंधित किया गया है और इसका उपयोग ना करने की सलाह दी गई है।

आगे कहा कि ऑनलाइन क्लास के लिए प्रत्येक बच्चे के लिए अलग-अलग स्मार्टफोन, लैपटॉप अथवा कंप्यूटर की आवश्यकता होगी। अधिकांश अभिभावक जिनके दो बच्चे स्कूल में पढ़ रहे हैं, उनके पास बच्चों के लिए इन उपकरणों की व्यवस्था करना कठिन होगा। माता-पिता का मोबाइल फोन 4- 4 घंटे के लिए खाली नहीं रह सकता। अत: बच्चों के लिए नए मोबाइल लेने होंगे जो इस समय की परिस्थिति में अधिकांश परिवारों के लिए असंभव होगा। जो बच्चे आरटीई के तहत प्रवेश लिए होंगे उनके अभिभावकों पर इस समय स्मार्टफोन लैपटॉप अथवा कंप्यूटर की व्यवस्था करना कहीं से संभव नहीं है। जो अभिभावक आर्थिक रूप से सक्षम भी होंगे वह भी चाह कर भी यह उपकरण नहीं खरीद पाएंगे, क्योंकि इस समय शहर के मार्केट में इतनी बड़ी संख्या में उपलब्ध नहीं है। ऑनलाइन क्लासेज प्रतिदिन चार 4 घंटे निर्धारित हैं। इतने समय तक मोबाइल एवं लैपटॉप कंप्यूटर पर पढ़ाई करने के अनेक दुष्प्रभाव बच्चों की आंखों, मस्तिष्क एवं स्वास्थ्य पर पढऩा सुनिश्चित है। इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी ? साथ ही इनका अतिरिक्त बोझ वर्तमान समय में पहले से ही बोझिल मेडिकल सेवाओं पर पड़ेगा।

अभिभावक संघ ने सवाल उठाया कि क्या नर्सरी, प्राइमरी, मिडिल क्लास के छोटे-छोटे बच्चों के लिए इन उपकरणों को ऑपरेट करना आसान होगा ? संघ ने कहा कि कुल मिलाकर ऑनलाइन क्लास अभिभावकों पर अनावश्यक मानसिक तनाव बढ़ाएगी जो इस समय महामारी के दौर में किसी भी प्रकार से उचित नहीं है। संघ ने ऑनलाइन क्लास ले रहे और लेने वाले स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाते हुए ऑनलाइन क्लास स्थगित करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते दौरान कई अभिभावक भी मौजूद थे।

Categorized in: