बलरामपुर
जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार करीब चार एकड़ से अधिक भूमि पर अफीम की खेती किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच एवं जब्ती की कार्रवाई में जुट गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह खेती लंबे समय से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि झारखंड के एक व्यक्ति द्वारा जमीन को लीज पर लेकर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। मौके पर पहुंची टीम द्वारा अफीम की फसल को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की खेती को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद पूरे प्रदेश में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। इसी बीच बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में सामने आया यह मामला एक बार फिर प्रदेश में अफीम खेती को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच जारी है। कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Categorized in: