बलरामपुर : देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं, जबकि सात मजदूर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। तेज रफ्तार पिकअप वाहन की बाक्साइट से भरे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
टमाटर की खेती के लिए निकले थे मजदूर
जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के 10 मजदूर पिकअप वाहन में सवार होकर शंकरगढ़ क्षेत्र में टमाटर की खेती के काम के लिए जा रहे थे। रात करीब 2 बजे राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी के पास उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया।बताया जा रहा है कि तेज गति से चल रही पिकअप की सामने से या रास्ते में बाक्साइट लोड ट्रक से जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी मजदूर घायल हो गए।
तीन मजदूरों ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर चोटों के कारण तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रान साय, उम्र 34 वर्ष, उदय कुमार, उम्र 25 वर्ष और अमर साय, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है।तीनों के सिर और सीने में गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
सात घायलों को अंबिकापुर किया गया रेफर
सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सात मजदूरों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।घायलों में देव कुमार, भानू, अमर साय, लक्ष्मण, अजय कुमार, राय सिंह और प्रदीप शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।