बुरी तरह झुलसा वेल्डर, गम्भीरवस्था में भेजा गया रायपुर 
सूरजपुर। फिल्टर प्लांट में बेल्डिंग करने के दौरान अचानक वेल्डिंग मशीन फटने से वेल्डर बुरी तरह झुलस गया है। जिसे गम्भीरवस्था में रायपुर एम्स के लिए रिफर किया गया है। वेल्डर के समुचित उपचार हेतु नगर पालिका  द्वारा आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है। बताया गया है कि नगर पालिका के फिल्टर प्लांट के मेन पाईप लाइन में लिकेज की समस्या थी। जिसको दुरुस्त करने के लिए शुक्रवार को बिश्रामपुर से वेल्डर लखबीर शर्मा आया हुआ था। जिसके द्वारा पाइप बाहर कर पैनल लगाकर पाइप को वेल्डिंग किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक वेल्डिंग फट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय तेज धमाके के साथ आग की लपटें अचानक उठीं और चारों ओर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। कुछ देर के लिए मौके पर मौजूद लोग सत्र हो गए और उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया।
इस हादसे में वेल्डर लखबीर शर्मा का शरीर  बुरी तरह जल गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा घटना की सूचना दिए जाने पर तत्काल मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभाकर शुक्ला मौके पर पहुंचे और अपनी निजी वाहन से वेल्डर को लेकर यहां जिला अस्पताल उपचार हेतु लाए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार पश्चात चिकित्सको ने वेल्डर की गम्भीरवस्था को देखते हुए अम्बिकापुर रिफर किया गया। जिसे बेहतर उपचार हेतु मिशन अस्पताल में दाखिल कराया गया। चिकित्सको के मुताबिक वेल्डर का शरीर करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया है। शनिवार को वेल्डर की स्थिति नाजुक होने पर रायपुर के लिए रिफर किया गया। जिसे  नगर पालिका अधिकारी श्री शुक्ला के द्वारा संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्वयं मौजूद रहकर वेल्डर को एम्स रायपुर में बेहतर इलाज के लिए भेजवाया गया है।  उपचार में कोई दिक्कत ना हो इसके लिए नगर पालिका के द्वारा आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शुक्ला ने बताया कि इलाज में किसी तरह की दिक्कत ना हो इसके लिए नगर पालिका परिवार हर सम्भव मदद करेगा।

Categorized in: