अंबिकापुर में 63.10 प्रतिशत, लखनपुर में 82.80 प्रतिशत, सीतापुर में 81.54 प्रतिशत मतदान
नवागढ़ में मतदान के समय की समाप्ति के बाद भी दो घंटे से अधिक डटे रहे मतदाता
अंबिकापुर। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के अंतर्गत मंगलवार को जिले के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंबिकापुर नगर निगम, लखनपुर नगर पंचायत और सीतापुर नगर पंचायत के मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं और दिव्यांगों ने बड़े उत्साह के साथ मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चली। जिले के नगरीय निकाय अंबिकापुर में 63.10 प्रतिशत, लखनपुर नगर पंचायत में 82.80 प्रतिशत और सीतापुर नगर पंचायत में 81.54 प्रतिशत मतदान हुआ। इस प्रकार जिले में कुल 64.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंबिकापुर नवागढ़ में पोलिंग बूथ क्रमांक 120 व 123 में मतदान के लिए समय की समाप्ति के बाद भी कतार लगी रही। बाद में गेट बंद करके सुरक्षा व्यवस्था के बीच लगभग सवा 7 बजे मतदान लोगों ने किया। कुछ वार्डों में फर्जी मतदान को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी सामने आई है। एक मतदान केंद्रों में ईवीएम में तकनीकि बाधा की आंशिक स्थिति बनी, इससे किसी प्रकार का बड़ा व्यवधान मतदाताओं को नहीं हुआ।
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर अंबिकापुर शहर में कहीं उत्साहपूर्ण तो कहीं मतदान की धीमी रफ्तार देखने को मिली। नवागढ़ इलाके में तो आलम यह था कि मतदान के लिए महिला-पुरूषों की लगी कतार खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी। वोटिंग को लेकर उन युवा मतदाताओं में कुछ अलग ही उत्साह देखने को मिला, जो पहली बार चुनाव प्रक्रिया में शामिल हुए। निर्वाचन की चल रही प्रक्रिया से रूबरू होने के लिए सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर शहर सहित जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों तक पहुंचे। शहर के मल्टीपरज स्कूल में स्थित मतदान केंद्र का जायजा लेने के दौरान उनका अंदाज कुछ बदला हुआ नजर आया। वे कभी स्कूल की सीढ़ी में बैठाकर मोबाइल में बात करते तो कभी नगर पालिका आम निर्वाचन को लेकर मतदान केंद्र में उल्लेखित की गई जानकारी का अवलोकन करते देखे गए। एक महिला मतदाता के उंगली में स्याही का निशान लगने के बाद मतदान से वंचित करने की बात भी सामने आई। इसकी जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मतदान करने की अनुमति दी।
युवा मतदाताओं ने फर्स्ट टाइम की वोटिंग
स्थानीय आम निर्वाचन 2025 के तहत मतदान केंद्र क्रमांक 86, मल्टीपरपज स्कूल में युवा मतदाता सरस्वती और दिव्या भारती ने पहली बार मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों युवाओं ने उत्साहपूर्वक लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। सरस्वती ने कहा पहली बार वोट डालकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। दिव्या ने भी मतदान को नागरिक कर्तव्य बताते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करना हमारी जिम्मेदारी है।
बुजुर्ग मतदाताओं ने उत्साह पूर्वक किया मतदान
लोकतंत्र के इस महापर्व में बुजुर्गों में मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 85 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता सुंदर कन्नौजिया सहित अन्य ने शासकीय प्राथमिक शाला पुलिस लाइन स्थित मतदान केंद्र में मतदान करने पहुंची। उन्होंने मतदान के लिए लाइन लगकर अपनी बारी का इंतजार कर मतदान किया। वोटिंग प्रक्रिया में भाग लेकर उनके चहरे पर एक अलग उत्साह देखने को मिला।
दिव्यांग मतदाताओं ने भी दिखाया उत्साह
फोटो
नगरीय निकाय निर्वाचन में दिव्यांग मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे उनके लोकतांत्रिक उत्साह की झलक देखने को मिली। 76 वर्षीय मंजली दास जैसे बुजुर्ग दिव्यांगों ने अपने स्वजनों के साथ मतदान केंद्रों का रुख किया। ट्राईसाइकिल पर सवार होकर मतदान करने पहुंची, जो उनके जज्बे को दर्शाता है। इसके अलावा, स्कॉउटगाइड के स्वयंसेवकों ने दिव्यांगों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और समाज में दिव्यांगों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित किया।
फर्जी मतदाता के पहुंचने से बनी गहमागहमी की स्थिति
मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने जहां एक ओर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी विभिन्न मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे थे, वहीं कांग्रेस और भाजपा के नेता भी विभिन्न वार्डों का भ्रमण करते नजर आए। मतदान के दौरान लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 31 के पोलिंग बूथ क्रमांक 01 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल में बंद एक युवक के नाम पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगा, इसका विरोध करने के बाद गहमागहमी की स्थिति बन गई। इस दौरान भाजपा के एक कार्यकर्ता ने समुदाय विशेष के लोगों द्वारा घेरकर हाथापाई और धक्का-मुक्की करने का भी आरोप लगाया है। इसका फायदा उठाकर संबंधित फर्जी मतदाता मौके से रफूचक्कर हो गया। आरोप है कि 30-32 लोगों का समूह झूमाझटकी में लगा था, जो शहर के नागरिक नहीं लग रहे थे।
नवयुवती को वोट दिलाने अधिकारियों को बुलाना पड़ा
एक नवयुवती मतदान करने के लिए पहुंची तो उसके हाथ में अमिट स्याही का निशान लगाने के बाद, तुम्हारा वोट हो गया कहते हुए बाहर का रास्ता दिखाने की बातें सामने आई है। युवती ने जब कहा कि उसने वोट दिया ही नहीं है, तो उसका वोट कौन डाल दिया, इसके बाद नोकझोंक की स्थिति बन गई। पोलिंग बूथ में मौजूद भाजपा के कार्यकर्ता ने इसकी जानकारी प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों को दी। इसके बाद मौके पर आए अधिकारियों ने तहकीकात के बाद युवती का मतदान कराया। इसी प्रकार नवागढ़ रिंग रोड में तालाब के पास बिना किसी पहचान पत्र के मतदान करने का आरोप लग रहा था, वहीं नवागढ़ के वार्ड क्रमांक 42 में फर्जी मतदान का शोर मचा और आंशिक विवाद की स्थिति बनने की खबर भी सामने आई।
अपने मत का प्रयोग बेहतर प्रत्याशी के लिए करें
फोटो-3-मतदान के लिए पहुंचे टीएस और अनुराग सिंहदेव, अंबिकेश केशरी
लोकतंत्र के महापर्व पर मतदान की आहूति देने के लिए जनप्रतिनिधि व प्रत्याशी भी अपने-अपने वार्ड के बूथों में पहुंचे। शासकीय कन्या महाविद्यालय में मतदान करने के लिए पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मतदान करने के बाद कहा कि सभी अपने मत का प्रयोग बेहतर से बेहतर प्रत्याशी के लिए करें, जो समस्याओं में साथ खड़ा रहे। उन्होंने कहा आचार संहिता में वे किसी एक पक्ष के लिए वे मत देने की बात नहीं करेंगे। जनता का समर्थन कांग्रेस को मिलेगा, उन्हें विश्वास है। भाजपा प्रत्याशी के साथ दिखने वाले दमखम के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा कि सत्ता का नाम जिसके साथ जुड़ जाता है, वे हाईलाइटेड हो जाता हैं। इसके बाद भी उन्हें हैट्रिक की उम्मीद है।
0 भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग सिंहदेव के अलावा अंबिकेश केशरी सहित अन्य ने भी सपरिवार अपने-अपने वार्ड के बूथों में जाकर मतदान किया। इन्होंने निकाय चुनाव के लिए मतदान करने पहुंचे मतदाताओं से आत्मीयता से मुलाकात करके कुशलक्षेम जाना और बेहतर प्रत्याशी का मतदान के माध्यम से चयन करने की अपेक्षा व्यक्त की।
0 कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की मतदान करने फुंदुरडिहारी में स्थित मुख्य कार्यपालन अभियंता एरिगेशन कार्यालय में स्थित मतदान केंद्र में अपनी मां व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पहुंच कर मतदान किए। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि जनता का आत्मीयता से मिलना संकेत दे रहा है कि निगम में पुन: कांग्रेस की सरकार आएगी।
0 भाजपा से महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत ने मदर टेरेसा वार्ड मुक्तिपारा के सामुदायिक भवन में बना गए मतदान केंद्र में सपरिवार पहुंचकर अपना पहला मतदान किया। मतदान के दौरान वे ईवीएम को दोनों हाथ जोड़कर नमन करते नजर आईं। लोकतंत्र के महापर्व में मतदान का आहूति देने के बाद पुन: वे उसी अंदाज में ईवीएम को नमन करते लौटीं। उन्होंने कहा कि पहला मतदान करने की सोच लेकर वे सुबह 4 बजे ही उठ गई थीं और नहाकर 6 बजे मतदान केंद्र पहुंच गई थीं।
संभाग आयुक्त एवं आईजी ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा
नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत मंगलवार को पूरे प्रदेश के नगरीय निकायों में महापौर, अध्यक्ष एवं पार्षदों के लिए मतदान किया गया। अंबिकापुर नगर निगम के 48 वार्डों के 143 मतदान केंद्रों में वोटिंग की गई। इसी क्रम में सरगुजा संभागयुक्त नरेन्द्र दुग्गा एवं सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग ने मतदान केंद्रों में चल रहे मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। वे नगर पालिक निगम अंबिकापुर के मतदान केंद्र क्रमांक 75, 76, 77, 109, 107, 108, 84, 85, 86, 99, 100, 101, 102 का निरीक्षण करके मतदान केंद्रों में चल रहे कार्यों का जायजा लेकर सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किए। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान मतदान कराने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।
कलेक्टर पहुंचे विभिन्न मतदान केंद्रों में
कलेक्टर विलास भोसकर मल्टीपरपज स्कूल, वन मंडलाधिकारी परिसर अंबिकापुर में बनाए गए विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लेने के लिए पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किए। मतदान केन्द्रों में पहुंचकर मतदान कक्षों का अवलोकन करके मतदाताओं के लिए की गई आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में कलेक्टर ने नगर पंचायत लखनपुर के आदर्श मतदान केंद्र क्रमांक 07, मतदान केंद्र क्रमांक 6 एवं मतदान केंद्र क्रमांक 4 का निरीक्षण कर मतदाताओं से मतदान केंद्र से संबंधित व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया।
कलेक्टर ने पुलिस लाइन में पत्नि के साथ किया मतदान
कलेक्टर विलास भोसकर ने शासकीय प्राथमिक शाला पुलिस लाइन में स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 59 में पहुंच कर सपत्निक आम मतदाताओं के साथ लाइन में लगकर मतदान किया। उन्होंने लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने मतदान केंद्र में की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
सामान्य प्रेक्षक भी पहुंचे मतदान केंद्रों में
नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 हेतु छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिला सरगुजा के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने मतदान दिवस पर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों से मतदान के संबंध में जानकारी ली और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी में लगे सुरक्षा कर्मियों से भी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। वहीं सीतापुर नगर पंचायत में चल रहे मतदान प्रक्रियाओं का जायजा लेने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोसकर सीतापुर पहुंचे। यहां उन्होंने बनाए गए मतदान केंद्र क्रमांक 06, 07, 08 एवं 10 का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने चल रहे मतदान की स्थिति की जानकारी ली एवं अधिकारी कर्मचारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न करने निर्देशित किया।
सास-बहू की जोड़ी ने निभाई मतदान की जिम्मेदारी
नगर निगम पालिका के मल्टीपरपज स्कूल स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 86 में 70 वर्षीय बेला देवी ने अपनी बहू अनिता कन्हैया के साथ मतदान कर लोकतंत्र की मिसाल पेश की। वहीं कई बुजुर्ग मतदाता अपने स्वजनों के कंधे का सहारा लेकर मतदान करने के लिए पहुंचे थे। बेला देवी ने बताया कि वह पिछले कई दशकों से लगातार मतदान कर रही हैं, इस बार भी वे अपनी बहू के साथ मिलकर लोकतंत्र के महत्वपूर्ण प्रक्रिया में भाग ली हैं। उन्होंने कहा मतदान हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है। हमें अपने वोट का सही उपयोग करना चाहिए ताकि अच्छे जनप्रतिनिधि का चुनाव कर सकें। बहू अनिता कन्हैया ने कहा कि वे हमेशा अपनी सास से मतदान करने की प्रेरणा लेती हैं, इनका अनुभव और समर्पण उनके लिए प्रेरणादायक है। मतदान करके वे समाज और लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।

Categorized in: